पलक राजपूत, दिल्ली आजकल हर छोटी-बड़ी दुकान पर UPI से पेमेंट आम हो गया है। किराने की दुकान हो या मेडिकल स्टोर, लोग कैश की जगह सीधे PhonePe, Google Pay या Paytm से पेमेंट करना पसंद करते हैं।
लेकिन इसी बीच एक नई समस्या सामने आ रही है। कई दुकानदार UPI से पेमेंट करने पर ग्राहकों से 2 से 3 प्रतिशत तक एक्स्ट्रा चार्ज वसूल रहे हैं।
अगर आप 1000 रुपये का सामान लेते हैं तो आपसे 1020 या 1030 रुपये मांगे जा रहे हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो आपको अपने अधिकारों के बारे में जरूर पता होना चाहिए।RBI और NPCI ने इसको लेकर साफ नियम बनाए हैं। नियमों के मुताबिक कोई भी दुकानदार या मर्चेंट ग्राहक से UPI ट्रांजैक्शन पर किसी भी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं ले सकता है।
UPI को सरकार ने पूरी तरह से फ्री रखा है ताकि डिजिटल इंडिया और डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा मिल सके। कई लोगों को लगता है कि दुकानदार को UPI पर चार्ज देना पड़ता है इसलिए वह ग्राहक से ले रहा है, लेकिन ऐसा नहीं है।
क्रेडिट कार्ड पर MDR लगता है, लेकिन UPI पर MDR जीरो है। यानी दुकानदार को बैंक को एक रुपया भी नहीं देना होता है, इसलिए वह इसका बोझ ग्राहक पर नहीं डाल सकता है।अगर कोई दुकानदार आपसे UPI पेमेंट पर एक्स्ट्रा चार्ज मांगता है तो आप सबसे पहले उसे प्यार से RBI की गाइडलाइन के बारे में बता सकते हैं।
ज्यादातर दुकानदार समझ जाते हैं। अगर फिर भी वह नहीं मानता है तो आप उसके बिल की फोटो या पेमेंट का स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर अपने पास रख लें। इसके बाद आप इसकी शिकायत आसानी से कर सकते हैं। आप NPCI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं, या फिर RBI के CMS पोर्टल http://cms.rbi.org.in पर भी शिकायत कर सकते हैं। इसके अलावा आप 14448 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके भी अपनी शिकायत बता सकते हैं। शिकायत सही पाए जाने पर उस दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई होती है और उसका UPI QR कोड या मर्चेंट अकाउंट तक ब्लॉक किया जा सकता है।
