शिवाजी कुमार सिंह: दंतेवाड़ा। जिले के गीदम थाना क्षेत्र में 61 लाख 6 हजार 592 रुपये की ऑनलाइन साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने राजस्थान से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फलोदी जिले के भोजासर थाना क्षेत्र निवासी दिनेश (31) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया और बाद में रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने का प्रयास किया गया।

61 लाख से ज्यादा की ठगी से शुरू हुई जांच

हारमपारा गीदम निवासी भूपेंद्र तेलामी (44) की शिकायत पर गीदम थाने में अपराध क्रमांक 27/2025 दर्ज किया गया था। शिकायत में कुल 61 लाख 6 हजार 592 रुपये की ऑनलाइन ठगी की बात सामने आई। पुलिस ने मामले में धारा 318(4), 111(1)(3) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

बैंक खातों के लेन-देन से सामने आई कड़ी

जांच के दौरान पुलिस ने ठगी की रकम से जुड़े बैंक खातों और फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन का विश्लेषण किया। साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से अलग-अलग खातों में हुए लेन-देन की जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान राजस्थान के दिनेश का नाम जांच में सामने आया।

किराए के बैंक खातों से रकम का लेन-देन

पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी से हासिल रकम को अलग-अलग बैंक खातों के जरिए आगे भेजा जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ बैंक खाते किराए पर लिए गए थे। इसके बाद रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने का प्रयास किया जाता था। पुलिस के अनुसार, ऐसा करने का उद्देश्य रकम के वास्तविक स्रोत को छिपाना था।

राजस्थान पहुंची पुलिस टीम

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान में आरोपी की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दंतेवाड़ा लाया गया। 30 सितंबर को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जिला जेल दंतेवाड़ा भेज दिया गया।

मामले में अब तक 19 गिरफ्तार

SDOP आकांक्षा पांडेय के अनुसार, इस मामले में अब तक साइबर फ्रॉड से जुड़े कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेजा गया है। पुलिस अब ठगी की रकम के पूरे लेन-देन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *