अरुणिमा सिंह भोपाल : पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर अपनी आवाज से ज्यादा अपने व्यवहार को लेकर चर्चा में हैं। इटली के मिलान में हुए उनके हालिया कॉन्सर्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दिलजीत एक विदेशी फैन को उसकी टी-शर्ट पर लिखे ‘इक ओंकार’ के बारे में समझाते नजर आ रहे हैं। खास बात यह रही कि उन्होंने अपनी बात रखने के साथ-साथ फैन की भावनाओं का भी पूरा सम्मान किया।

टी-शर्ट पर था ‘इक ओंकार’ और दिलजीत का नाम

मिलान कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने दर्शकों में मौजूद एक विदेशी फैन और उसकी महिला साथी को स्टेज पर बुलाया। फैन ने सफेद रंग की कस्टमाइज्ड टी-शर्ट पहन रखी थी। इस पर सिख धर्म के पवित्र प्रतीक ‘ੴ’ यानी ‘इक ओंकार’ के साथ दिलजीत दोसांझ का नाम भी लिखा था।टी-शर्ट पर नजर पड़ते ही दिलजीत ने फैन को इस बारे में समझाया। उन्होंने अंग्रेजी में बताया कि ‘इक ओंकार’ ईश्वर से जुड़ा बेहद पवित्र प्रतीक है और उनके नाम को इसके साथ नहीं जोड़ा जाना चाहिए। दिलजीत ने यह बात काफी सहज और शांत तरीके से कही।

फैन की भावनाओं का भी रखा ख्याल

दिलजीत यहीं नहीं रुके। उन्होंने दर्शकों की ओर रुख किया और फैन के बचाव में कहा कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी, इसलिए उसे माफ कर दिया जाए। उन्होंने फैन की भावनाओं का सम्मान करने की बात भी कही और ‘इक ओंकार’ को सभी की एकता से जोड़ा।इसके बाद उन्होंने दोनों को एक गिफ्ट भी दिया। इस पूरे व्यवहार ने वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स का भी ध्यान खींचा।

वीडियो वायरल होने के बाद फैन ने मांगी माफी

कॉन्सर्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद संबंधित फैन ने भी इंस्टाग्राम के कमेंट सेक्शन में अपनी बात रखी और माफी मांगी। उसने बताया कि टी-शर्ट बनवाते समय उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि दिलजीत का नाम ‘ੴ’ के इतने करीब आ जाएगा।फैन ने यह भी स्पष्ट किया कि उसका किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। उसने बताया कि ‘ੴ’ उसके लिए भी खास मायने रखता है और वह नियमित रूप से गुरुद्वारे जाता रहा है। उसने अपनी गलती के लिए माफी मांगते हुए कहा कि उसका उद्देश्य किसी तरह की परेशानी पैदा करना नहीं था

सोशल मीडिया पर दिलजीत की हो रही तारीफ

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग दिलजीत के व्यवहार की तारीफ कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि उन्होंने धार्मिक आस्था से जुड़े संवेदनशील विषय को बिना किसी विवाद या अपमान के संभाला।इस पूरे मामले में दिलजीत का संदेश साफ था—अपनी आस्था और उससे जुड़े प्रतीकों का सम्मान जरूरी है, लेकिन किसी अनजाने में हुई गलती को समझदारी और सम्मान के साथ सुधारा जा सकता है। यही वजह है कि मिलान कॉन्सर्ट का यह छोटा-सा पल अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *