Baljinder Kaur: आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले ही क्रिकेट जगत में बड़े नामों के बाहर रहने की खबरें सामने आ रही हैं। इस सीजन कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अपने नाम नीलामी से वापस ले लिए हैं या संन्यास का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल, साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसी, इंग्लैंड के मोईन अली, वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल, और भारतीय क्रिकेट के अनुभवी खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन व मोहित शर्मा जैसी बड़ी हस्तियां इस बार आईपीएल में नहीं खेलेंगी। इन खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी से इस सीजन का रोमांच और भी अलग होगा।
ग्लेन मैक्सवेल
ऑस्ट्रेलिया के मशहूर ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इस सीजन आईपीएल नीलामी से अपना नाम वापस ले लिया है। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 2012 में आईपीएल में पदार्पण किया था। यह पहला मौका है जब मैक्सवेल आईपीएल में नहीं खेलेंगे। पिछली मेगा नीलामी में उन्हें पंजाब किंग्स ने खरीदा लेकिन इस बार उन्होंने रिटेन नहीं किया गया।
फाफ डु प्लेसी
साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसी भी इस सीजन आईपीएल नीलामी में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेला था, लेकिन इस साल पाकिस्तान सुपर लीग को प्राथमिकता दी है। डु प्लेसी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ 2018 और 2021 में आईपीएल खिताब जीत चुके हैं और 2022 से 2024 तक आरसीबी की कप्तानी भी कर चुके हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें रिटेन नहीं किया।
मोईन अली
इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली ने भी आईपीएल नीलामी से अपना नाम वापस ले लिया है। वे फाफ डु प्लेसी की तरह पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने के कारण इस बार आईपीएल में नहीं उतरेंगे। पिछले सीजन मोईन कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे लेकिन उन्हें रिलीज कर दिया गया था।
मोहित शर्मा
भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने हाल ही में संन्यास का ऐलान किया है और इस साल आईपीएल में नहीं खेलेंगे। मोहित ने 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अपना आईपीएल करियर शुरू किया था। इसके अलावा उन्होंने पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और 2023 में गुजरात टाइटंस के लिए भी खेला। पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें रिलीज किया।
आंद्रे रसेल
वेस्टइंडीज के धमाकेदार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल भी इस साल आईपीएल में नहीं खेलेंगे। कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ 2014 और 2024 में खिताब जीतने वाले रसेल ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है। कोलकाता ने उन्हें रिटेन नहीं किया, लेकिन रसेल अब टीम के पावर कोच के तौर पर लौटे हैं।
रविचंद्रन अश्विन
भारतीय स्पिन विशेषज्ञ रविचंद्रन अश्विन भी इस साल आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं। अश्विन ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए अपनी आईपीएल यात्रा पूरी की। उन्होंने पंजाब किंग्स की कप्तानी भी की और 2008 से इस टूर्नामेंट का हिस्सा रहे।
