रिया सिन्हा: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का आज (शनिवार, 15 नवंबर) दूसरा दिन है। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू हो गया है। पहले दिन की समाप्ति पर, भारत ने अपनी पहली पारी में 1 विकेट खोकर 37 रन बना लिए थे। क्रीज पर अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल (13)* और युवा ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर (6)* मौजूद हैं। टीम इंडिया अभी भी दक्षिण अफ्रीका के पहली पारी के स्कोर 159 रन से 122 रन पीछे है। सुंदर को नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए भेजना एक बड़ा रणनीतिक फैसला था, जिस पर आज सबकी नजरें रहेंगी।
बड़ी बढ़त लेने का लक्ष्य
टीम इंडिया के सामने आज का मुख्य लक्ष्य दक्षिण अफ्रीका के स्कोर को पार करना और उसके बाद एक बड़ी बढ़त स्थापित करना होगा। ईडन गार्डन्स की यह पिच अपने अप्रत्याशित उछाल और टर्न के लिए जानी जाती है, ऐसे में राहुल और सुंदर की जोड़ी को धैर्य से काम लेते हुए एक लंबी साझेदारी करनी होगी। शुरुआती सत्र में विकेट को बचाकर खेलना महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि साउथ अफ्रीका के गेंदबाज वापसी के लिए पूरी ताकत लगाएंगे। टीम मैनेजमेंट कम से कम 300 रन का स्कोर खड़ा करने की उम्मीद कर रहा होगा, ताकि दक्षिण अफ्रीका को दबाव में लाया जा सके।
जसप्रीत बुमराह की धारदार गेंदबाजी
इससे पहले, मैच के पहले दिन भारतीय गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक गेंदबाजी से साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया और 5 विकेट हॉल लेकर मेहमान टीम को मात्र 159 रनों पर ही समेट दिया। बुमराह की शानदार परफॉर्मेंस ने भारत को एक मजबूत स्थिति में ला दिया है। अब बल्लेबाजों की बारी है कि वे इस बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन को बड़ी बढ़त में बदलकर टीम की स्थिति और मजबूत करें।

