आकांक्षा सिंह, भोपाल: उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच शाही मस्जिद को लेकर सोमवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर विरोध, नारेबाजी और पथराव की स्थिति बन गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान क्राइम ब्रांच की महिला टीआई पुष्पा पांचाल के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

636 साल पुरानी मस्जिद का कौन-सा हिस्सा हटाया जाना है?

शाही मस्जिद को लेकर विवाद पूरी इमारत को हटाने का नहीं, बल्कि सड़क की प्रस्तावित सीमा में आ रहे हिस्से का है। प्रशासन कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क को करीब 15 मीटर चौड़ा करने की योजना पर काम कर रहा है। इसी अलाइनमेंट में मस्जिद का कुछ हिस्सा बाधक बताया गया है। मस्जिद पक्ष का कहना है कि यह ऐतिहासिक धार्मिक स्थल करीब 636 साल पुराना है और इसके ढांचे में बदलाव से पूरी इमारत प्रभावित हो सकती है।

सड़क चौड़ीकरण क्यों जरूरी बताया जा रहा है?

प्रशासन के मुताबिक यह मार्ग महाकाल मंदिर, गोपाल मंदिर और शिप्रा नदी क्षेत्र को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। सिंहस्थ 2028 में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुधारने और भीड़ का दबाव कम करने के लिए सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि इस मार्ग पर अन्य बाधक निर्माण भी हटाए जा रहे हैं।

रात में बनी सहमति, सुबह कैसे बिगड़ा माहौल?

रिपोर्टों के मुताबिक रविवार रात प्रशासन और शहर काजी के बीच बातचीत के बाद प्रभावित हिस्से को मस्जिद से जुड़े लोगों द्वारा स्वयं हटाने पर सहमति बनी थी। सोमवार सुबह कुछ लोगों ने हटाने की प्रक्रिया शुरू भी कर दी। इसी दौरान विरोध कर रहे दूसरे समूह की भीड़ जमा हो गई और हालात बिगड़ गए। पथराव के बाद पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।मामले को लेकर कानूनी विवाद भी चल चुका है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की एकलपीठ ने 9 सितंबर को मस्जिद के हिस्से को सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाने के खिलाफ दायर याचिकाएं खारिज कर दी थीं। प्रशासन की कार्रवाई को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पर भी नजर बनी हुई है। फिलहाल प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *