रिया सिन्हा
साउथ के मेगास्टार रजनीकांत अपनी आध्यात्मिक यात्रा को जारी रखते हुए आज (सोमवार) बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने सुबह सड़क मार्ग से धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। रजनीकांत ने अपनी इस वार्षिक परंपरा को इस साल भी कायम रखा।
साउथ की पारंपरिक वेशभूषा में दर्शन
74 वर्षीय सुपरस्टार रजनीकांत इस दौरान अपनी चिर-परिचित सादगी भरे अंदाज में नजर आए। वह साउथ की पारंपरिक वेशभूषा लुंगी और कुर्ता पहने हुए थे। मंदिर पहुंचने पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के पदाधिकारियों ने फूलों की माला पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंदिर के धर्माधिकारी और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न करवाई और उन्हें भगवान बदरी विशाल का प्रसाद व तुलसी माला भेंट की।
आध्यात्मिक सफर पर हैं रजनीकांत
फिलहाल फिल्मों से ब्रेक लेकर आध्यात्मिक सफर पर निकले रजनीकांत ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर शांति और सुकून महसूस किया। बदरीनाथ धाम पहुंचने से पहले, वह ऋषिकेश स्थित दयानंद आश्रम भी गए थे, जहां उन्होंने अपने गुरु स्वामी दयानंद सरस्वती के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उनकी सड़क किनारे पत्तल में सादा भोजन करते हुए तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई हैं, जो उनकी सादगी को दर्शाती हैं। उनके आगमन से धाम का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया और बड़ी संख्या में फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े।
