Rajkumar rao and his wife patralekha welcomes a baby girl

रिया सिन्हा: बॉलीवुड के पावर कपल राजकुमार राव और पत्रलेखा के घर किलकारियां गूंजी हैं। शादी के चार साल बाद, पत्रलेखा ने एक बेटी को जन्म दिया है, जिससे उनके परिवार में खुशियों का माहौल छा गया है। खास बात यह है कि यह खुशखबरी ठीक 15 नवंबर को आई है, जो उनकी चौथी शादी की सालगिरह भी है। कपल ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा करते हुए लिखा, “हम बहुत खुश हैं। ईश्वर ने हमें एक नन्ही परी का आशीर्वाद दिया है। धन्य माता-पिता – पत्रलेखा और राजकुमार।” उन्होंने इस नन्ही मेहमान को अपनी सालगिरह का सबसे बड़ा और अनमोल आशीर्वाद बताया।


सोशल मीडिया पर सेलेब्स ने दी बधाइयाँ

जैसे ही राजकुमार राव ने यह खबर सोशल मीडिया पर साझा की, प्रशंसकों और फिल्म जगत के दोस्तों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। उनके करीबी दोस्त और अभिनेता वरुण धवन ने भी कमेंट सेक्शन में अपनी खुशी जाहिर की। वरुण ने लिखा, क्लब में आपका स्वागत है, दोस्तों।” इसके अलावा, नेहा धूपिया ने लिखा, “बधाई हो, आप लोगों को। पेरेंटहुड के सबसे अच्छे हुड में आपका स्वागत है।” अली फजल, कृति सैनन और सोफी चौधरी सहित कई अन्य सितारों ने भी नए माता-पिता को प्यार और शुभकामनाएं भेजीं, जिससे यह खबर सोशल मीडिया पर छाई रही।


11 साल की प्रेम कहानी और पेरेंटहुड का नया सफर

राजकुमार और पत्रलेखा की प्रेम कहानी 11 साल से भी पुरानी है। साल 2014 में फिल्म ‘सिटीलाइट्स’ में साथ काम करने के बाद दोनों का रिश्ता और गहरा हुआ और आखिरकार उन्होंने 15 नवंबर, 2021 को चंडीगढ़ में सात फेरे लिए। जुलाई में कपल ने प्रेग्नेंसी की अनाउंसमेंट की थी, जिसके बाद से ही फैंस उनके नन्हे मेहमान के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। बेटी के आगमन के साथ ही, यह प्यारी जोड़ी अब पेरेंटहुड के एक नए और खूबसूरत सफर की शुरुआत कर रही है, जिसके लिए उन्हें हर तरफ से ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *