रिया सिन्हा
अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और जाह्नवी कपूर की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘परम सुंदरी’ सिनेमाघरों में हिट साबित होने के बाद अब ओटीटी पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। 29 अगस्त को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स बटोरा था और वर्ल्डवाइड करीब 85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। अब मेकर्स ने पुष्टि कर दी है कि यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी दर्शकों का मनोरंजन करने आ रही है।
कब और कहां देखें ‘नॉर्थ-साउथ‘ की अनोखी प्रेम कहानी
‘परम सुंदरी’ के निर्माताओं ने इसकी ओटीटी रिलीज की तारीख का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 24 अक्टूबर, 2025 से अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। अगर आप सिनेमाघरों में इस क्रॉस-कल्चरल लव स्टोरी को देखने से चूक गए थे, तो अब आपके पास इसे घर बैठे देखने का शानदार मौका है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने दिल्ली के फ्लर्ट करने वाले लड़के ‘परम’ का किरदार निभाया है, जिसकी मुलाकात केरल की एक खूबसूरत आर्टिस्ट ‘सुंदरी’ (जाह्नवी कपूर) से होती है।
दर्शकों को पसंद आई सिद्धार्थ-जाह्नवी की केमिस्ट्री
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत सिद्धार्थ और जाह्नवी की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री रही। दर्शकों को पहली बार पर्दे पर आई यह नई जोड़ी काफी पसंद आई थी। ‘परम सुंदरी’ में दोनों राज्यों की संस्कृति, रोमांस और हल्की-फुल्की कॉमेडी का मिश्रण है। फिल्म के संगीत को भी दर्शकों ने खूब सराहा था। डिजिटल रिलीज के साथ, मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी उतना ही प्यार और प्रशंसा हासिल करेगी, जितना इसे थिएटर में मिला था।

