रिया सिन्हा

बॉलीवुड अभिनेता और फिल्ममेकर अरबाज खान एक बार फिर पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी शूरा खान ने रविवार, 5 अक्टूबर 2025 को एक प्यारी-सी बेटी को जन्म दिया है। इस गुडन्यूज के सामने आते ही खान परिवार खुशी से झूम उठा है और हर तरफ जश्न का माहौल है। शूरा को 4 अक्टूबर को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ उन्होंने अपनी ‘नन्हीं परी’ को जन्म दिया।

दूसरी बार पिता बनने का सुख

58 वर्षीय अरबाज खान दूसरी बार पिता बने हैं। इससे पहले उनकी पहली पत्नी मलाइका अरोड़ा से उन्हें एक बेटा अरहान खान (22 वर्ष) है। अरबाज और शूरा ने दिसंबर 2023 में शादी की थी, और शादी के लगभग दो साल बाद वे माता-पिता बने हैं। बताया जा रहा है कि खान परिवार में यह बेटी लंबे समय बाद आई है, जिससे परिवार की खुशी दोगुनी हो गई है।

परिवार में जश्न का माहौल

जैसे ही यह खुशखबरी खान परिवार को मिली, अस्पताल में जश्न का माहौल बन गया। अरबाज खान के भाई सोहेल खान और बेटे अरहान खान को शूरा और नवजात बच्ची से मिलने के लिए अस्पताल में स्पॉट किया गया। चाचा सलमान खान भी अपनी भतीजी से मिलने के लिए पनवेल फार्महाउस से मुंबई लौट रहे हैं, ताकि वह परिवार की खुशियों में शामिल हो सकें। हाल ही में शूरा की गोद भराई की रस्म भी हुई थी, जिसमें पूरा खान खानदान एक छत के नीचे जमा हुआ था। अरबाज और शूरा को सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्रिटीज से ढेर सारी बधाइयां मिल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *