10वें दीपोत्सव ने बनाया यादगार इतिहास

रोशनी से नहाई रामनगरी

आकांक्षा सिंह: भगवान राम की नगरी अयोध्या एक बार फिर अपनी भव्यता और आस्था के अनोखे संगम की गवाह बनी। 7 नवंबर को आयोजित 10वें दीपोत्सव के मौके पर सरयू नदी के किनारे राम की पैड़ी समेत 56 घाटों को लगभग 30 लाख दीयों से रोशन किया गया। शाम होते ही घाटों पर जलते दीपों का नजारा ऐसा था, मानो धरती पर तारों की रोशनी उतर आई हो। इस आयोजन ने अयोध्या को एक बार फिर देश-दुनिया के आकर्षण का केंद्र बना दिया।

उपराष्ट्रपति की मौजूदगी में हुआ उद्घाटन

भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने मुख्य अतिथि के रूप में दीपोत्सव का उद्घाटन किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। उपराष्ट्रपति ने राम मंदिर में दर्शन किए और सरयू नदी के तट पर आयोजित आरती में भी हिस्सा लिया।

2,100 ड्रोन ने आसमान में रची रामायण

इस बार दीपोत्सव केवल दीयों तक सीमित नहीं रहा। लगभग 2,100 स्वदेशी ड्रोन्स की मदद से आसमान में रामायण के अलग-अलग प्रसंगों को दिखाया गया। लेजर शो, 3D प्रोजेक्शन मैपिंग, संगीत और आतिशबाजी ने कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया। देश-विदेश के कलाकारों ने रामलीला की प्रस्तुतियां दीं।

संस्कृति के साथ रोजगार को भी बढ़ावा

इस आयोजन में हजारों विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने दीये सजाने में योगदान दिया। स्थानीय कुम्हारों, कारीगरों, दुकानदारों और पर्यटन से जुड़े लोगों को भी रोजगार के अवसर मिले। अयोध्या का यह दीपोत्सव सिर्फ रोशनी का उत्सव नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और सामूहिक भागीदारी की ऐसी तस्वीर बनकर सामने आया, जिसने एक बार फिर दुनिया को रामनगरी की सांस्कृतिक पहचान से रूबरू कराया।

दस साल की परंपरा का भव्य उत्सव

अयोध्या में दीपोत्सव की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी। पहले साल करीब 1.71 लाख दीये जलाए गए थे। इसके बाद हर साल इस आयोजन का विस्तार होता गया। इस बार दसवें संस्करण में पिछले साल के 26 लाख से अधिक दीयों के आंकड़े को पीछे छोड़ने का लक्ष्य रखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *