जिस खबर का सभी फैंस बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे, वो अब खुशखबरी सामने आ गई है। खबर ये है कि परेश रावल ने खुद पुष्टि कर दी है कि वो आने वाली फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ में अपने सबसे प्यारे किरदार बाबू भैया के रूप में वापसी कर रहे हैं। जी हाँ, वही बाबू भैया जिनकी कॉमिक टाइमिंग और डायलॉग आज भी लोगों की जुबां पर हैं।
बता दें कि 2000 के दशक में शुरू हुई ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइज़ी देश की सबसे पसंदीदा कॉमेडी फिल्मों में से एक है। जब यह खबर आई थी कि परेश शायद फिल्म के तीसरे सिक्वल में नजर नहीं आएंगे, तो फैंस को बड़ा झटका लगा। लोगों ने सोशल मीडिया पर फिल्म को “बाबू भैया के बिना अधूरी” बता दिया।
परेश ने पहले सोशल मीडिया पर साफ किया था कि उनके फिल्म छोड़ने के पीछे कोई झगड़ा या मतभेद नहीं है। उन्होंने फिल्ममेकर के लिए अपना सम्मान जताते हुए कहा था कि वे उनके ऊपर पूरा भरोसा रखते हैं। हालांकि, खुद बाबू भैया ने अपने बयान पर सफाई दी है।
एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान उन्होंने बताया, “कोई विवाद नहीं था। जब दर्शकों ने किसी चीज़ को इतना प्यार दिया है, तो हमारी जिम्मेदारी बनती है कि मेहनत करें और उन्हें वही मस्ती फिर से दें। इसलिए मैंने कहा कि सब साथ मिलकर काम करें।”
जब पूछा गया कि क्या रज्जू (अक्षय कुमार), श्याम (सुनील शेट्टी) और बाबू भैया की तिकड़ी फिर से लौटेगी, तो रावल ने मुस्कराते हुए कहा, “पहले भी आनी ही थी, बस थोड़ी तैयारी बाकी थी। सभी बहुत पुराने दोस्त हैं और कमाल के कलाकार हैं।”
अब जब यह खुशखबरी आ चुकी है, सोशल मीडिया पर फैंस खुशी से झूम उठे हैं। यूट्यूबर आशीष चंचलानी ने लिखा – “#WelcomeBackSir”।
हालांकि, सोशल मीडिया पर एक वर्ग ने फिल्म मेकर्स की इन हरकतों को सस्ता स्टंट बताया है। एक एक्स यूजर ने लिखा-मुझे हमेशा से पता था कि यह प्रचार और चर्चा पाने के लिए एक पब्लिसिटी स्टंट था और अब वे सफल हो गए हैं।
देखें प्रतिक्रियाएं
फिल्म कब होगी रिलीज?
मेकर्स ने कई संकेत दिए हैं कि ‘हेरा फेरी 3’ सिनेमाघरों में अगले मानसून से पहले यानी मई–जून 2026 तक रिलीज हो सकती है। फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

