रिशाली त्रिपाठी गोस्वामी
अयोध्या में खाद वितरण को लेकर गंभीर स्थिति बन गई है। किसान सुबह 6 बजे से शाम 6-7 बजे तक लाइन में लगे रहते हैं। कई गोदामों पर पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण किया जा रहा है। कामाख्या, बघेड़ी मवई, कुशहरी, रोजा गांव समेत कई गांवों के किसान परेशान हैं। कुरावन में खाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है।
खाद गोदामों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। ताकि आसानी से खाद्य का वितरण कराया जा सके अयोध्या के कुरावन में खाद की लाइन में लगे लोगों पर लाठियां फटकारता पुलिसकर्मी।
किसानों का आरोप, चहेतों को मिल रही खाद
किसानों का आरोप है कि गोदाम प्रभारी रात में अपने चहेतों को खाद दे रहे हैं। 266 रुपये की यूरिया खाद 267 से 300 रुपये में बेची जा रही है। प्राइवेट दुकानों में किसानों को 500 से 600 रुपये प्रति बोरी तक देने पड़ रहे हैं।
सरकारी केंद्र से गायब रहते हैं सचिव
सरकारी केंद्रों पर सचिव भी अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। वे दिन में सिर्फ एक-दो घंटे ही उपलब्ध रहते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ी मात्रा में आने वाली खाद कहां जाती है, इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। भीड़ को देखते हुए अब महिलाएं भी खाद लेने पहुंच रही हैं। उन्हें लग रहा है कि शायद इससे खाद जल्दी मिल जाएगी। प्रशासन ने व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
अधिकारी बोले, सभी गोदाम पर खाद उपलब्ध
जिला कृषि अधिकारी अयोध्या ओ पी मिश्रा से जानकारी चाहिए तो उन्होंने बताया कि सभी गोदामों पर खाद उपलब्ध है किसानों को दी जा रही है गोदाम पर ज्यादा भीड़ बायोमेट्रिक मशीन काम चलने की वजह से लग रहा है। जिसके चलते भीड़ लग जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
डीएम बोले, खाद की कमी नहीं
जिले में खाद और उर्वरक की कोई कमी नहीं है। पिछले साल की तुलना में इस बार ज्यादा मात्रा में खाद उपलब्ध है। सभी सहकारी और निजी केंद्रों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। खाद वितरण के लिए कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
किसानों को टोकन के आधार पर खाद और उर्वरक दिए जा रहे हैं। डीएम ने किसानों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी किसानों को आसानी से खाद उपलब्ध कराई जा रही है।
