कामना कासोटिया, भोपाल: राजधानी की सड़कों पर यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। आज से शहर के 12 प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा और उनके पार्किंग को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह फैसला ट्रैफिक जाम, अव्यवस्था और दुर्घटनाओं की बढ़ती शिकायतों के चलते लिया गया है।भोपाल ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से यह निर्णय लिया गया है।

इन 12 सड़कों पर हर दिन हजारों वाहन चलते हैं, जिनमें स्कूल बसें, प्राइवेट वाहन, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और दोपहिया वाहन शामिल हैं। ई-रिक्शा के कारण इन सड़कों पर बार-बार जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे आम जनता को भारी परेशानी होती थी।

कौन-कौन से रूट्स पर लगा प्रतिबंध?

प्रशासन द्वारा जिन 12 मार्गों पर ई-रिक्शा की एंट्री पर रोक लगाई गई है, वे निम्नलिखित हैं:

  1. जीजी पॉलिटेक्निक
  2. पॉलिटेक्निक चौराहा
  3. रोशनपुरा
  4. अटलपना से बोर्ड ऑफिस चौराहा
  5. भोपाल टॉकीज
  6. राजभवन
  7. अमर नगर चौराहा
  8. अपोलो अस्पताल
  9. बोट क्लब
  10. राजमाता चौराहा
  11. स्टेट हैंगर
  12. अटलपना तिराहा

इन मार्गों को ‘नो ई-रिक्शा जोन’ घोषित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई ई-रिक्शा चालक इन सड़कों पर पाया गया, तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा और गाड़ी भी जब्त की जा सकती है।

क्यों लिया गया यह फैसला ?

भोपाल की इन प्रमुख सड़कों पर प्रतिदिन करीब 25,000 से ज्यादा ई-रिक्शा चलते हैं। इनकी अनियंत्रित पार्किंग और धीमी गति से चलने के कारण यातायात प्रभावित होता है। खासकर ऑफिस टाइम और स्कूल टाइम में जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है। आम जनता की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा की गई स्टडी में सामने आया कि इन सड़कों पर चल रहे ई-रिक्शा न केवल ट्रैफिक जाम का कारण बनते हैं, बल्कि कई बार दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है।

छात्रों को दी जाएगी सुविधास्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों के पास ई-रिक्शा के स्टैंड बनाए जाएंगे। वहां से छात्र पैदल या साझा वाहन से आगे जा सकेंगे।

नागरिकों से सहयोग की अपील

भोपाल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस नए नियम का पालन करें और शहर के ट्रैफिक को बेहतर बनाने में सहयोग करें। यदि कोई ई-रिक्शा इन मार्गों पर चलता हुआ दिखे तो नागरिक 2677340 या 2443850 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे सकते हैं।

यह फैसला लोगों की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि इससे जाम की समस्या में कमी आएगी और सड़क हादसों में भी गिरावट होगी। ई-रिक्शा चालकों को वैकल्पिक मार्गों पर चलने की सलाह दी गई है ताकि उनकी रोज़ी-रोटी भी प्रभावित न हो।इस नियम को सफल बनाने के लिए आम नागरिकों, ई-रिक्शा चालकों और प्रशासन को मिलकर काम करना होगा, तभी भोपाल की सड़कों को जाममुक्त और सुरक्षित बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *