Baljinder Kaur: आज की भागदौड़ भरी ज़िंदगी में तनाव , थकान, अनिद्रा और चिड़चिड़ापन आम समस्या बन चुकी है। लोग फिट रहने के लिए जिम, दवाइयों और सप्लीमेंट्स पर निर्भर हो रहे हैं लेकिन असली समाधान हमारी प्राचीन भारतीय चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद में छिपा है। आयुर्वेद सिर्फ बीमारी का इलाज नहीं बल्कि एक ऐसा जीवन विज्ञान है जो सही दिनचर्या अपनाकर शरीर, मन और आत्मा को संतुलन में रखता है। अगर आप आयुर्वेद के कुछ Golden Rules को अपनी डेली रूटीन में शामिल कर लें तो तनाव अपने आप दूर रहने लगेगा।
1. सुबह जल्दी उठने से दिन भर रहे ऊर्जा
आयुर्वेद के अनुसार सुबह सूर्योदय से पहले यानी ब्रह्म मुहूर्त में उठना सबसे श्रेष्ठ माना गया है। इस समय वातावरण शुद्ध और शांत होता है। जल्दी उठने से मन प्रसन्न रहता है, एकाग्रता बढ़ती है और दिनभर आलस नहीं आता। यह आदत मानसिक तनाव को कम करने में बहुत मददगार होती है।
2. दिन की शुरुआत गुनगुने पानी से करें
सुबह उठते ही एक या दो गिलास गुनगुना पानी पीना आयुर्वेद का अहम नियम है। इससे शरीर के विषैले तत्व बाहर निकलते हैं,पाचन तंत्र मजबूत होता है और पेट साफ रहता है। जब शरीर अंदर से हल्का रहता है तो मन भी तनावमुक्त रहता है।
3. योग और प्राणायाम को बनाएं दिनचर्या का हिस्सा
आयुर्वेद में योग और प्राणायाम को स्वास्थ्य की कुंजी माना गया है। रोज़ाना 15–20 मिनट अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और ध्यान करने से मन शांत रहता है, नकारात्मक विचार कम होते हैं और तनाव दूर होता है। यह नियम आज के समय में बेहद जरूरी है।
4. सही समय पर और संतुलित भोजन लें
आयुर्वेद कहता है कि “जैसा खाओगे, वैसा ही सोचोगे।” समय पर ताजा और हल्का भोजन करने से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। बहुत ज्यादा तला-भुना, जंक फूड और देर रात खाना तनाव और बेचैनी को बढ़ाता है। भोजन हमेशा शांत मन से करें, जल्दबाजी में नहीं।
5. पर्याप्त नींद को न करें नजरअंदाज
अच्छी नींद आयुर्वेद का सबसे जरूरी नियम है। रात को जल्दी सोना और 7–8 घंटे की नींद लेना शरीर की मरम्मत करता है। नींद पूरी न होने पर चिड़चिड़ापन, तनाव और थकान बढ़ जाती है। सोने से पहले मोबाइल और टीवी से दूरी बनाना भी जरूरी है।
6. दिन में कुछ समय खुद के लिए निकालें
आयुर्वेद सिखाता है कि मन को भी आराम चाहिए। दिन में कुछ समय मौन, ध्यान या प्रकृति के साथ बिताने से मानसिक संतुलन बना रहता है। यह आदत तनाव को दूर रखने में रामबाण साबित होती है।
आयुर्वेद के ये Golden Rules कोई मुश्किल नियम नहीं बल्कि सरल जीवनशैली के सिद्धांत हैं। अगर आप इन्हें रोज़मर्रा की ज़िंदगी में अपनाते हैं तो न सिर्फ आपका Daily Routine सुधरेगा बल्कि Stress भी कोसों दूर रहेगा। स्वस्थ शरीर और शांत मन के लिए आयुर्वेद को अपनाना ही सबसे सही रास्ता है।
