रिया सिन्हा
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। गुवाहाटी में खेले गए वर्षा बाधित पहले मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को डकवर्थ लुईस (डीएलएस) नियम के तहत 59 रन से मात दी।
दीप्ति-अमनजोत की संकटमोचक साझेदारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एक समय 124 रन पर 6 विकेट गंवाकर टीम मुश्किल में थी। इनोका राणावीरा ने 4 विकेट लेकर भारत के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया था। हालांकि, इसके बाद ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा (53 रन) और अमनजोत कौर (57 रन) ने सातवें विकेट के लिए 103 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। अंत में स्नेह राणा ने भी 15 गेंदों पर 28 रन की तेज पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने निर्धारित 47 ओवरों में 8 विकेट खोकर 269 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
गेंदबाजों का बेहतरीन प्रदर्शन
डिएलएस नियम के चलते श्रीलंका को 47 ओवरों में 271 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू (43 रन) ने अच्छी शुरुआत दी, लेकिन भारतीय स्पिनरों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। दीप्ति शर्मा ने बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 3 विकेट झटके, जबकि स्नेह राणा और श्री चरणी को दो-दो सफलता मिली। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए दीप्ति शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। श्रीलंकाई टीम 45.4 ओवर में 211 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और भारत ने 59 रन से मुकाबला जीत लिया।
