रिपोर्ट, हर्ष उपाध्याय
मंगलवार को चाइना मास्टर सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट की शुरुआत हुई इसमें भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने डेनमार्क की खिलाड़ी को सीधे गेम में 21-5,21-10 से करारी शिकस्त दी। महज 27 मिनट में हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पहला गेम महज़ 10 मिनट में जीता। इस सत्र में छह बार पहले दौर में बाहर हो चुकी है सिंधु।
•आयुष शेट्टी को पहले ही दौर में मिली हार
भारत के युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी को पहले दौर में ही हार झेलनी पड़ी। उनका मुकाबला मंगलवार को विश्व नंबर 6 चीनी ताइपे के खिलाड़ी से हुआ। जिनसे वो 19-21, 21-12, 16-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। 1घंटा 8 मिनट चले मुकाबला में पहला गेम चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने अपने नाम किया, दूसरा गेम में आयुष शेट्टी ने वापसी की और 21-12 से गेम जीता लेकिन निर्णायक गेम में शुरूआत से ही चीनी ताइपे खिलाड़ी ने बढ़त बनाई रखी और मुकाबले को जीत लिया।
•सात्विक-चिराग ,लक्ष्य, कपिला- क्रास्टो पेश करेंगे चुनौती
भारतीय युगल जोड़ी सात्विक और चिराग ने हाल ही में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक और हांगकांग ओपन में उपविजेता रहे हैं। अब उनकी निगाहें चाइना मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट की खिताब पर होगी। उन्होंने 16 महीनों से एक भी खिताब नहीं जीता है। इस सत्र में छह बार सेमीफाइनल खेल चुके हैं। पहला मुकाबला मलेशिया की जोड़ी से बुधवार को खेलेंगे।
लक्ष्य सेन ने पिछले हांगकांग ओपन में फाइनल खेलकर अपनी मौजूदगी का परिचय दिया है। अब उनकी नज़रें चाइना मास्टर्स सुपर 750 के खिताब पर होगी। पहले दौर में उनका मुकाबला फ्रांस के खिलाड़ी से होगा।
विश्व चैंपियनशिप में क्वार्टर फाइनल खेलने वाली भारतीय मिश्रित जोड़ी कपिला और क्रास्टो का सामना विश्व नंबर 2 चीनी जोड़ी से बुधवार को खेला जाएगा।
