Muskan Garg: मिस्र प्राचीन सभ्यताओं का केंद्र रहा है, जहाँ इतिहास, संस्कृति और रहस्य एक साथ मिलते हैं। इस गौरवशाली विरासत को बचाने के लिए मिस्र ने दुनिया का सबसे बड़ा पुरातात्त्विक संग्रहालय बनाया है, जिसका नाम ग्रैंड इजिप्शियन म्यूज़ियम है, जो मिस्र की राजधानी काहिरा के पास गीज़ा में स्थित है, और अपने विशाल आकार और अद्वितीय संग्रह के कारण चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

क्यों है इतना खास:

यह संग्रहालय लगभग 5 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है और इसे बनाने में लगभग 1 अरब अमेरिकी डॉलर की लागत आई है। इसकी स्थापना का उद्देश्य प्राचीन मिस्र की सांस्कृतिक धरोहर को आधुनिक तकनीक के साथ प्रस्तुत करना है ताकि पर्यटक न केवल वस्तुएँ देखें बल्कि उनके पीछे की कहानी और सभ्यता को भी जान सकें। ग्रैंड इजिप्शियन म्यूज़ियम में लगभग 1,00,000 से अधिक ऐतिहासिक वस्तुएँ हैं, जिनमें से अधिकांश राजा तूतनखामुन के खज़ाने से जुड़े हैं। यहाँ तूतनखामुन की सोने की ममी, आभूषण, रथ और जीवन से जुड़े सामान भी रखे गए हैं। संग्रहालय में मिस्र के हजारों वर्षों का इतिहास दिखाने वाली मूर्तियां, पपीरस दस्तावेज़, ममीकृत जानवर और प्राचीन कला के नमूने भी हैं।

सभ्यता और आधुनिक दौर का मिश्रण:
इस संग्रहालय का निर्माण भी बहुत आकर्षित करने वाला किया गया है। यहाँ से गीज़ा के तीनों प्रसिद्ध पिरामिड दिखाई देते हैं और ये संग्रहालय पिरामिड डिजाइन से ही प्रेरित हैं। संग्रहालय को अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था, 3D प्रस्तुति और वर्चुअल टूर की सुविधा ने एक जीवंत ऐतिहासिक अनुभव का केंद्र बना दिया है।

कैसे विश्व को प्रेरणा देगा ये संग्रहालय:
ग्रैंड इजिप्शियन म्यूज़ियम मिस्र के गौरव का प्रतीक ही नहीं बल्कि यह दुनिया को बताता है कि सभ्यताओं की विरासत को बचाना सबकी जिम्मेदारी है। भविष्य में, यह संग्रहालय शोधकर्ताओं, पर्यटकों और इतिहास प्रेमियों के लिए एक अनमोल धरोहर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *