Baljinder Kaur: आज के समय में हर किसी के मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आती है। कभी बैंक के नाम पर फ्रॉड, तो कभी फालतू प्रमोशनल कॉल। ऐसे में लोग कॉल पहचानने के लिए Truecaller जैसे ऐप का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन अब भारत में CNAP (Calling Name Presentation) सिस्टम को लेकर चर्चा तेज़ है। सवाल यह है कि CNAP क्या है, यह Truecaller से कैसे अलग है और क्या यह वाकई बेहतर है?
CNAP सिस्टम क्या है?
CNAP का पूरा नाम Calling Name Presentation है। यह एक ऐसा सिस्टम है जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति का रजिस्टर्ड नाम जो KYC रिकॉर्ड पर आधारित होगा सीधे मोबाइल स्क्रीन पर दिखेगा ठीक उसी तरह जैसे सेव किए गए कॉन्टैक्ट का नाम दिखता है। CNAP सिस्टम को टेलीकॉम कंपनियां (Jio, Airtel, VI, BSNL) खुद लागू करेंगी। इसका मतलब यह हुआ कि नाम की जानकारी सीधे टेलीकॉम नेटवर्क से आएगी किसी थर्ड-पार्टी ऐप से नहीं।
Truecaller क्या है और यह कैसे काम करता है?
Truecaller एक थर्ड-पार्टी मोबाइल ऐप है। यह अपने यूजर्स के कॉन्टैक्ट लिस्ट और रिपोर्टिंग डेटा के आधार पर नंबर की पहचान करता है। अगर किसी नंबर को ज्यादा लोगों ने “Spam” या किसी नाम से सेव किया है तो वही नाम दूसरे यूजर्स को दिखने लगता है। यहीं से कई बार गलत नाम, अधूरी जानकारी और प्राइवेसी से जुड़ी दिक्कतें सामने आती हैं।
CNAP सिस्टम क्यों माना जा रहा है बेहतर?
फ्रॉड कॉल की पहचान आसान होगी।
सरकारी और बैंक कॉल की सही पहचान।
देशभर में एक समान सिस्टम होगा ।
यूजर को कोई अलग ऐप डाउनलोड नहीं करना होगा।
CNAP से डिजिटल फ्रॉड पहचानने में मदद मिल सकती है।
CNAP और Truecaller मे अंतर
CNAP टेलीकॉम नेटवर्क से सीधे कॉलर का असली रजिस्टर्ड नाम दिखाता है जबकि Truecaller यूज़र-डाटा पर आधारित होने से नाम गलत भी हो सकता है।
CNAP के लिए इंटरनेट या ऐप की जरूरत नहीं होती जबकि Truecaller बिना इंटरनेट के काम नहीं करता और ऐप इंस्टॉल करनी पड़ती है।
CNAP में प्राइवेसी ज्यादा सुरक्षित रहती है और डेटा शेयरिंग कम होती है क्योंकि डेटा टेलीकॉम कंपनी के पास रहता है जबकि Truecaller में प्राइवेसी को लेकर सवाल उठते हैं।
Truecaller स्पैम और फ्रॉड कॉल पहचानने में बेहतर है जबकि CNAP मुख्य रूप से सिर्फ कॉलर का नाम दिखाता है।
CNAP सरकारी/ऑपरेटर-आधारित सेवा है और भरोसेमंद मानी जाती है, जबकि Truecaller एक प्राइवेट थर्ड-पार्टी ऐप है।
क्या Truecaller पूरी तरह बंद हो जाएगा?
नहीं। Truecaller अभी भी स्पैम रिपोर्टिंग, ब्लॉकिंग फीचर,बिज़नेस प्रोफाइल जैसी सुविधाएं देता रहेगा। लेकिन नाम दिखाने के मामले में CNAP एक मजबूत और भरोसेमंद विकल्प बन सकता है।
अगर तुलना करें तो CNAP सिस्टम Truecaller से ज्यादा सुरक्षित, भरोसेमंद और प्राइवेसी-फ्रेंडली है। खासकर उन लोगों के लिए जो अनजान कॉल से परेशान रहते हैं और कोई थर्ड-पार्टी ऐप इस्तेमाल नहीं करना चाहते। आने वाले समय में CNAP लागू होने के बाद मोबाइल कॉलिंग का अनुभव पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित और साफ हो जाएगा।
