कामना कासोटिया भोपाल:

पी. वी. सिंधु और ध्रुव-तनिषा की जोड़ी ने रचा इतिहास

BWF बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की ओर से शानदार प्रदर्शन जारी है। देश की स्टार खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पी. वी. सिंधु ने दमदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। सिंधु ने चीन की वर्ल्ड नंबर-2 खिलाड़ी वांग झी को सीधे गेम में हराकर इस जीत को हासिल किया। वहीं मिक्स्ड डबल्स में भारत की ध्रुव कपिला और तनिषा क्रिस्टो की जोड़ी ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

सिंधु का शानदार प्रदर्शन, वर्ल्ड नंबर-2 को हराया

पी. वी. सिंधु ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बड़े मुकाबलों की खिलाड़ी हैं। गुरुवार को राउंड ऑफ 16 में खेले गए महिला एकल मुकाबले में उन्होंने चीन की दिग्गज खिलाड़ी वांग झी को 21-19 और 21-15 से हराकर मैच सीधे गेम में अपने नाम किया। यह वांग झी के खिलाफ सिंधु की तीसरी जीत थी। इससे पहले दोनों के बीच कुल 5 मुकाबले हुए थे, जिसमें वांग ने बढ़त बना रखी थी, लेकिन सिंधु ने इस बार बेहतरीन खेल दिखाते हुए बाज़ी मार ली।

सिंधु ने पहले गेम में ही आक्रामक शुरुआत करते हुए दबदबा बना लिया। हालांकि वांग झी ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन सिंधु ने 21-19 से गेम अपने पक्ष में कर लिया। दूसरे गेम में सिंधु ने 12-6 की बढ़त बना ली और अंत में 21-15 से दूसरा गेम जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला वर्ल्ड नंबर-1 खिलाड़ी अन से यंग (दक्षिण कोरिया) से हो सकता है।

मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव और तनिषा की जोड़ी ने किया कमाल

मिक्स्ड डबल्स के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में भारत की जोड़ी ध्रुव कपिला और तनिषा क्रिस्टो ने वर्ल्ड नंबर-2 हांग कांग की जोड़ी तांग चुन मैन और सि यिंग सूत को हराकर बड़ा उलटफेर किया। तीन गेम तक चले इस मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने पहले गेम में 19-21 से हार का सामना किया, लेकिन दूसरे गेम में जोरदार वापसी करते हुए 21-12 से जीत हासिल की और मैच बराबर कर लिया।

तीसरे और निर्णायक गेम में ध्रुव और तनिषा ने संयम के साथ खेलते हुए 21-15 से जीत दर्ज की और क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह बना ली। यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने दुनिया की टॉप रैंक जोड़ी को हराकर यह सफलता हासिल की।

भारत की बैडमिंटन टीम ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में अब तक का अच्छा प्रदर्शन किया है। पी. वी. सिंधु और ध्रुव-तनिषा की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर देश को गर्व का मौका दिया है। हालांकि एच. एस. प्रणय की हार से पुरुष सिंगल्स में भारत की उम्मीदें खत्म हो गई हैं, लेकिन बाकी खिलाड़ियों से अब भी उम्मीदें बाकी हैं।

आने वाले मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ी कैसा प्रदर्शन करते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा। देश की निगाहें अब सिंधु और मिक्स्ड डबल्स की जोड़ी पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *