Nepal vs Westindies

रिया सिन्हा

क्रिकेट जगत में एक बड़ा उलटफेर करते हुए नेपाल ने टी-20 सीरीज में दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज को 90 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ ही नेपाल ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाकर इतिहास रच दिया। यह पहली बार है जब नेपाल ने किसी टेस्ट खेलने वाले देश (आईसीसी फुल-मेंबर नेशन) के खिलाफ कोई द्विपक्षीय सीरीज अपने नाम की है।

ऐतिहासिक प्रदर्शन के हीरो बने आसिफ, संदीप और आदिल

शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस दूसरे टी-20 मुकाबले में नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 173 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। नेपाल के लिए ओपनर आसिफ शेख ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 47 गेंदों पर 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए। उनका साथ संदीप जोरा ने दिया, जिन्होंने 39 गेंदों पर 5 छक्कों और 3 चौकों की मदद से तेज तर्रार 63 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। दोनों के बीच हुई शतकीय साझेदारी ने नेपाल को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई और ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। पूरी टीम मात्र 17.1 ओवरों में 83 रनों पर ढेर हो गई।

मोहम्मद आदिल आलम नेपाल के गेंदबाजी के हीरो रहे, जिन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 24 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। इसके अलावा, कुशल भुर्तेल ने भी 2.1 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए। नेपाल की यह 90 रनों की जीत, एसोसिएट टीम द्वारा किसी पूर्ण सदस्य टीम के खिलाफ रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। नेपाल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे विश्व क्रिकेट ने उनकी जमकर सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *