रिया सिन्हा: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुआ हाई-वोल्टेज मुकाबला एकतरफा साबित हुआ, जिसमें भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंदी को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनकी रणनीति पूरी तरह से फेल हो गई।

शानदार गेंदबाजी, पाकिस्तान 127 पर ढेर

पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले में ही उन्होंने अपने दो महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव एक बार फिर से चमके और उन्होंने अपनी गुगली और फ्लाइट से पाकिस्तानी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। कुलदीप ने 4 ओवर में मात्र 18 रन देकर 3 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया। जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल ने भी दो-दो विकेट लेकर उनका बखूबी साथ निभाया। पाकिस्तान की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर सिर्फ 127 रन ही बना पाई। पाकिस्तान की तरफ से साहिबजादा फरहान ने सर्वाधिक 40 रन बनाए, जबकि शाहीन अफरीदी ने निचले क्रम में 33 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को कुछ सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी से भारत को आसान जीत

128 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। हालांकि अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल जल्दी आउट हो गए, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और शानदार पारी खेली। उन्होंने 37 गेंदों पर 47 रन बनाए और नाबाद रहे। अंत में सूर्यकुमार ने छक्का लगाकर भारत को 15.5 ओवर में ही जीत दिला दी। इस जीत के साथ भारत ने एशिया कप 2025 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की और सुपर-4 में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *