रिया सिन्हा: भारतीय क्रिकेट टीम (Team India) 30 नवंबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में साउथ अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है। टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद, टीम इंडिया की नजरें अब वनडे फॉर्मेट में जोरदार वापसी करने पर होंगी। इस सीरीज में फैंस को सबसे बड़ा रोमांच यह देखने को मिलेगा कि टीम के दो सबसे बड़े खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली एक लंबे ब्रेक के बाद वनडे एक्शन में वापस लौट रहे हैं। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने वनडे सीरीज से पहले ही रांची में नेट प्रैक्टिस शुरू कर दी है, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले, यानी दोपहर 1:00 बजे होगा।
रोहित-कोहली बनाएंगे रिकॉर्ड, राहुल करेंगे कप्तानी
इस वनडे सीरीज में भारतीय टीम की कमान विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल संभालेंगे, क्योंकि नियमित कप्तान शुभमन गिल चोटिल होने के कारण बाहर हैं। फैंस के लिए रोमांच इसलिए भी दोगुना है क्योंकि रोहित और कोहली की जोड़ी इस मैच में मैदान पर उतरते ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करेगी। यह जोड़ी भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच एक साथ खेलने वाली जोड़ी बन जाएगी और सचिन तेंदुलकर-राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड तोड़ देगी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में कोहली का शानदार औसत (65.39) और रोहित का 3 शतक का रिकॉर्ड टीम इंडिया को मजबूती देगा। क्रिकेट प्रेमियों को इन दोनों महारथियों से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
लाइव स्ट्रीमिंग और प्रसारण की पूरी जानकारी
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच इस रोमांचक वनडे सीरीज का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा, जिसमें हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भाषा की कमेंट्री उपलब्ध होगी। जो क्रिकेट फैंस टीवी पर मैच नहीं देख पा रहे हैं, वे मोबाइल या लैपटॉप पर भी इस सीरीज का लुत्फ उठा सकते हैं। पहले वनडे की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर की जाएगी। अच्छी खबर यह है कि जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग फ्री में उपलब्ध होगी। इसलिए, क्रिकेट लवर्स बिना किसी सब्सक्रिप्शन चार्ज के हर बॉल का एक्शन अपने मोबाइल फोन पर आराम से देख सकते हैं।

