Baljinder Kaur: भारतीय अंडर-19 टीम ने अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। ग्रुप चरण के पहले मुकाबले में भारत ने अमेरिका को कड़े संघर्ष के बाद छह विकेट से मात दी। बारिश से प्रभावित इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने पहले शानदार प्रदर्शन किया जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिज्ञान कुंडू ने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाकर टीम को जीत दिलाई।

बारिश के बीच अमेरिका की पारी 107 पर सिमटी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमेरिकी अंडर-19 टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। पूरी टीम 35.2 ओवर में 107 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से तेज गेंदबाज हेनिल पटेल सबसे सफल रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और अमेरिका को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। इसके अलावा दीपेश देवेंद्रन, आरएस अम्ब्रिश, वैभव सूर्यवंशी और खिलन पटेल को एक-एक विकेट मिला जबकि एक बल्लेबाज रन आउट हुआ। कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव, ऋषभ शिम्पी और रित्विक अप्पीडी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। नीतीश सुदिनी ने सबसे ज्यादा 36 रन जबकि अदनित झाम्ब ने 18 रन बनाए। साहिल गर्ग और अर्जुन महेश ने 16-16 रन की पारी खेली।

भारत की लड़खड़ाती शुरुआत

अमेरिका की पारी के बाद बारिश ने मैच में खलल डाल दिया। डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारत को 37 ओवर में 96 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद बारिश और खराब रोशनी के कारण मैच रोकना पड़ा। खेल दोबारा शुरू हुआ तो भारत ने वेदांत त्रिवेदी (2 रन) और कप्तान आयुष म्हात्रे (19 रन) के विकेट भी गंवा दिए। एक समय भारत का स्कोर 25 रन पर तीन विकेट था और टीम दबाव में दिख रही थी।

अभिज्ञान कुंडू ने दिखाया संयम, छक्के के साथ दिलाई जीत
मुश्किल समय में विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू ने मोर्चा संभाला। उन्होंने विहान मल्होत्रा के साथ चौथे विकेट के लिए 45 रन की अहम साझेदारी की। विहान 18 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन कुंडू ने अपना धैर्य नहीं खोया। इसके बाद उन्होंने कनिष्क चौहान के साथ मिलकर टीम को जीत की ओर पहुंचाया। कुंडू ने शानदार अंदाज में छक्का लगाकर मैच खत्म किया। वह 41 गेंदों पर 42 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। कनिष्क चौहान 10 रन बनाकर नाबाद लौटे।

जीत के साथ भारत का आत्मविश्वास बढ़ा
इस जीत के साथ भारतीय अंडर-19 टीम ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की है। गेंदबाजों की धार और बल्लेबाजों का संयम आने वाले मैचों के लिए टीम का आत्मविश्वास बढ़ाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *