Hardik Pandya proved himself in both balling and batting in T20 series against South Africa

रिया सिन्हा: कटक के बाराबती स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को 101 रनों के विशाल अंतर से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की शानदार बढ़त हासिल कर ली है। एक समय भारत 4 विकेट पर 78 रन बनाकर संघर्ष कर रहा था, लेकिन चोट के बाद वापसी कर रहे हार्दिक पांड्या ने तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 59 रन की पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम इंडिया ने 6 विकेट पर 175 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

हार्दिक पांड्या का बल्ले से तूफान

176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह से पस्त हो गई। अर्शदीप सिंह ने क्विंटन डी कॉक को पहली ही गेंद पर आउट कर अफ्रीकी खेमे में खलबली मचा दी, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया। जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि हार्दिक पांड्या ने भी गेंदबाजी में डेविड मिलर का महत्वपूर्ण विकेट लेकर अपना जलवा दिखाया। साउथ अफ्रीका की पूरी टीम 12.3 ओवर में सिर्फ 74 रन पर ढेर हो गई, जो टी20 इंटरनेशनल में उनका न्यूनतम स्कोर भी है।

भारतीय गेंदबाजों का कहर, साउथ अफ्रीका का न्यूनतम स्कोर

हार्दिक पांड्या को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह जीत भारत के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में अपने टी20 इंटरनेशनल करियर के 100 विकेट पूरे किए, और वे तीनों फॉर्मेट में विकेटों का शतक लगाने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत के बाद हार्दिक की जमकर तारीफ की और कहा कि मुश्किल समय में 175 तक पहुंचना अविश्वसनीय था। भारत ने इस जीत के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 की अपनी तैयारियों का शानदार आगाज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *