रिया सिन्हा: भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना और उनके परिवार के लिए यह एक बड़ी राहत की खबर है। स्मृति के पिता, श्रीनिवास मंधाना, को तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद अब उन्हें छुट्टी मिल गई है। रिपोर्टों के अनुसार, श्रीनिवास मंधाना को रविवार को नाश्ते के दौरान दिल के दौरे जैसे लक्षण महसूस हुए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी एंजियोग्राफी भी की गई, जिसमें किसी भी तरह का ब्लॉकेज नहीं पाया गया। डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य को पूरी तरह से स्थिर और खतरे से बाहर बताया है। उन्हें मंगलवार (25 नवंबर) को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस खबर से मंधाना और मुच्छल दोनों परिवारों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि परिवार अब उनके शीघ्र स्वस्थ होने को प्राथमिकता दे रहा है।
पिता की सेहत के कारण टली थी शादी
श्रीनिवास मंधाना की अचानक तबीयत खराब होने के कारण ही, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और संगीतकार-फिल्ममेकर पलाश मुच्छल की शादी को टाल दिया गया था। दोनों की शादी 23 नवंबर को स्मृति के होमटाउन सांगली में होने वाली थी, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और मेहमान भी पहुंच गए थे। हालांकि, परिवार में आई इस मेडिकल इमरजेंसी के चलते शादी को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। पलाश मुच्छल की मां ने भी पुष्टि की है कि शादी रोकने का पहला फैसला खुद पलाश ने ही लिया था, क्योंकि वे श्रीनिवास अंकल से काफी भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं।
शादी की नई तारीख पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं
पिता के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बावजूद, स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी की नई तारीख को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक अपडेट जारी नहीं किया गया है। परिवार फिलहाल श्रीनिवास मंधाना के स्वास्थ्य और रिकवरी पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। इसी बीच, सोशल मीडिया पर शादी को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। स्मृति मंधाना द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट से सगाई और शादी से जुड़े पोस्ट डिलीट करने के बाद अटकलें तेज हो गई हैं, लेकिन दोनों परिवारों की ओर से अभी भी खामोशी है। फैंस को उम्मीद है कि सब कुछ ठीक होने के बाद यह जोड़ा जल्द ही शादी के बंधन में बंधेगा।

