Baljinder Kaur: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ ग्रुप चरण का मैच न खेलने के फैसले पर अब BCCI की प्रतिक्रिया सामने आ गई है। BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ कहा है कि इस मामले में बोर्ड पूरी तरह से ICC के साथ खड़ा है और खेल भावना से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
15 फरवरी को कोलंबो में होना है भारत-पाक मुकाबला
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के कार्यक्रम के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाना है। हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को भारत के खिलाफ यह मैच न खेलने का निर्देश दिया है। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस फैसले को लेकर संकेत दिए लेकिन अब तक आईसीसी को कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है।
भारत मैच के लिए श्रीलंका जाएगा
पाकिस्तान के संभावित बहिष्कार के बावजूद भारतीय टीम ने आईसीसी के नियमों और प्रोटोकॉल का पालन करने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक, टीम इंडिया तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी, वहां अभ्यास करेगी और प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी हिस्सा लेगी। मैच के दिन टॉस के समय भारतीय कप्तान मैदान पर मौजूद रहेंगे।
राजीव शुक्ला का बयान – आईसीसी से सहमत है बीसीसीआई
इस पूरे मामले पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा,“आईसीसी की ओर से इस विषय पर बड़ा बयान आया है। उन्होंने खेल भावना और टूर्नामेंट की गरिमा की बात की है। बीसीसीआई इस मामले में आईसीसी के रुख से पूरी तरह सहमत है। जब तक आईसीसी से औपचारिक बातचीत नहीं हो जाती, हम कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं करेंगे।”
आईसीसी पाकिस्तान के रवैये से नाखुश
आईसीसी ने भी पाकिस्तान के रुख पर नाराजगी जताई है। परिषद का कहना है कि किसी भी टीम द्वारा चुनिंदा मैच खेलने या न खेलने का फैसला वैश्विक टूर्नामेंट की भावना के खिलाफ है। आईसीसी ने साफ किया है कि टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े आयोजन में सभी क्वालिफाई करने वाली टीमों को समान शर्तों और नियमों के तहत खेलना होता है।
आगे क्या होगा?
अब सबकी नजरें आईसीसी के अगले कदम पर टिकी हैं। अगर पाकिस्तान आधिकारिक रूप से मैच से हटता है, तो उसे अंक कटौती, जुर्माना या अन्य सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह खेल के नियमों और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मर्यादा का पूरा सम्मान करेगा।
