Muskan Garg: गाजियाबाद में घरेलू सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने यह साबित कर दिया कि थोड़ी-सी भी लापरवाही कितनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। विजयनगर इलाके में रहने वाली एक 34 वर्षीय महिला बाथरूम की सफाई कर रही थी। फर्श को ज्यादा चमकदार बनाने के लिए उसने टॉयलेट क्लीनर में ब्लीच मिला दिया। जैसे ही दोनों केमिकल आपस में रिएक्ट हुए, जहरीली गैसें बनने लगीं और कुछ ही सेकेंड में महिला चक्कर खाकर फर्श पर गिर पड़ी।
केमिकल रिएक्शन बना हादसे की वजह:
जानकारी के मुताबिक, महिला ने पहले फर्श पर कड़क टॉयलेट क्लीनर डाला था। उसके बाद उसने सोचा कि ब्लीच मिलाने से दाग और भी जल्दी हट जाएंगे। लेकिन दोनों को मिलाते ही क्लोरीन जैसी तेज जहरीली गैस बनने लगी, जो सीधे सांसों के जरिए शरीर में पहुंच गई। रसायन विशेषज्ञों के अनुसार, टॉयलेट क्लीनर में मौजूद हाइड्रोक्लोरिक एसिड और ब्लीच में मौजूद सोडियम हाइपोक्लोराइट के मिलने से बेहद खतरनाक क्लोरीन गैस बनती है, जो कुछ सेकेंड में इंसान को बेहोश कर सकती है।
परिवार वालों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया:
महिला के गिरने की आवाज सुनकर परिजन दौड़े और उसे बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल ले गए और उसको वहां आई. सी. यू में भर्ती किया गया। डॉक्टरों का कहना है कि यदि कुछ देर और धुएं का असर होता, तो मामला जिंदगी और मौत के बीच फंस सकता था। फिलहाल महिला खतरे से बाहर है और उसको डिस्चार्ज भी कर दिया गया है लेकिन डॉक्टरों ने सख्त चेतावनी दी है कि ऐसे केमिकल मिश्रण जानलेवा साबित हो सकते हैं।
सफाई करते समय इन गलतियों से बचें:
1.) टॉयलेट क्लीनर और ब्लीच कभी भी एक साथ न मिलाएं।
2.) बंद बाथरूम में सफाई न करें खिड़की खुली रखें।
3.) किसी भी सफाई उत्पाद को इस्तेमाल करने से पहले लेबल जरूर पढ़ें।
4.) तेज दवाओं का उपयोग करते समय मास्क और दस्ताने पहनें।
5.) लगातार चक्कर, जलन, सांस लेने में दिक्कत हो तो तुरंत बाहर आएं और डॉक्टर से संपर्क करें।
छोटी-सी सावधानी से बच सकती हैं बड़ी दुर्घटनाएं:
गाजियाबाद की यह घटना एक चेतावनी है कि चमकदार सफाई के लिए जोखिम उठाना खतरनाक हो सकता है। घरेलू केमिकल बेहद उपयोगी जरूर हैं, लेकिन गलत तरीके से इस्तेमाल करने पर यह जानलेवा साबित हो सकते हैं। इसलिए सावधानी ही सुरक्षा है।
