Baljinder Kaur: पानी जीवन है लेकिन जब यही पानी दूषित हो जाए तो यह जीवन का सबसे बड़ा दुश्मन बन सकता है। हाल ही में मध्य प्रदेश के इंदौर में दूषित पानी पीने से 16 लोगों की मौत की खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। आज भी लाखों लोग दूषित जल पीने को मजबूर हैं जिससे गंभीर बीमारियां और मौत तक हो जाती है।
दूषित पानी क्या होता है?
दूषित पानी वह होता है जिसमें बैक्टीरिया, वायरस, परजीवी, रसायन या सीवेज मिल जाता है। यह पानी देखने में साफ लग सकता है, लेकिन इसमें मौजूद सूक्ष्म जीव शरीर के लिए बेहद खतरनाक होते हैं।
दूषित जल से होने वाली खतरनाक बीमारियां
1. हैजा
हैजा दूषित पानी से फैलने वाली सबसे गंभीर बीमारियों में से एक है। इसमें तेज दस्त, उल्टी और शरीर में पानी की भारी कमी हो जाती है, जिससे समय पर इलाज न मिलने पर मौत भी हो सकती है।
2. टायफाइड
टायफाइड दूषित पानी और भोजन से फैलता है। इसमें तेज बुखार, सिरदर्द, कमजोरी और पेट दर्द होता है। लंबे समय तक इलाज न होने पर यह जानलेवा बन सकता है।
3. डायरिया
गंदा पानी पीने से बच्चों और बुजुर्गों में डायरिया की समस्या आम है। लगातार दस्त होने से शरीर में पानी और जरूरी लवण की कमी हो जाती है।
4. फूड पॉइजनिंग
गंदे पानी से बने भोजन या सीधे दूषित पानी पीने से फूड पॉइजनिंग हो सकती है, जिससे उल्टी, पेट दर्द और बुखार होता है।
दूषित पानी पीने से होने वाले लक्षण
बार-बार दस्त या उल्टी
तेज बुखार
पेट दर्द
शरीर में कमजोरी
बच्चों में अचानक सुस्ती
इन लक्षणों के दिखते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।
दूषित पानी से कैसे बचें?
1. उबला हुआ पानी पिएं
पानी को कम से कम 10 मिनट तक उबालकर ठंडा कर पीना सबसे सुरक्षित तरीका है।
2. वाटर फिल्टर या RO का इस्तेमाल करें
घर में साफ पानी के लिए अच्छे वाटर फिल्टर का प्रयोग करें।
3. पानी की टंकी और पाइपलाइन साफ रखें
समय-समय पर पानी की टंकी और पाइप की सफाई जरूरी है।
4. खुले पानी से बचें
तालाब, नदियों या हैंडपंप का पानी बिना जांच के न पिएं।
5. हाथों की सफाई रखें
खाना खाने और पानी पीने से पहले हाथ धोना बहुत जरूरी है।
इंदौर जैसी घटना यह सिखाती है कि सिर्फ प्रशासन नहीं बल्कि आम लोगों को भी सतर्क रहना होगा। पानी की गंध, रंग या स्वाद में बदलाव महसूस होते ही उसका इस्तेमाल बंद करें और तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें। स्वच्छ शहर तभी सुरक्षित कहलाएगा, जब वहां का पानी भी पूरी तरह सुरक्षित हो।
