कामना कासोटिया, भोपाल: गुना जिले में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से कई कॉलोनियाँ जलमग्न हो गईं हैं। हालात इतने खराब हैं कि कुछ इलाकों में पहली मंजिल तक पानी भर गया है। इन हालातों का जायजा लेने सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना पहुंचे।

मुख्यमंत्री और मंत्री ने बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों से बातचीत की। उन्होंने स्थानीय महिलाओं से राखी भी बंधवाई और उन्हें विश्वास दिलाया कि सरकार हर तरह से उनके साथ खड़ी है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कुछ कॉलोनियों में प्रशासन के न पहुँचने पर नाराजगी भी जाहिर की।कई नागरिकों ने बताया कि उनके इलाके पूरी तरह से डूब चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासनिक मदद नहीं पहुंची है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन कॉलोनियों में मुख्यमंत्री पहुंचे, वहाँ की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर थी, जबकि अन्य कॉलोनियाँ ज्यादा प्रभावित हैं। इसको लेकर लोगों में नाराजगी थी कि सिर्फ कुछ इलाकों तक ही दौरा सीमित क्यों रहा।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नुकसान का सही आकलन कर तुरंत मदद पहुँचाई जाएगी। सीएम ने कहा कि सरकार सभी बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद करेगी, चाहे वो राहत सामग्री हो या आर्थिक सहायता।इस दौरान डॉ. मोहन यादव ने कहा, “हमारी सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। जो भी नुकसान हुआ है, उसका मुआवजा जल्द से जल्द मिलेगा। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की विशेष देखभाल के निर्देश दिए गए हैं।

“केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की और हालात की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी राज्य सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है और जरूरत पड़ी तो राष्ट्रीय आपदा राहत बल (NDRF) की टीमों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस बार बारिश ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। लगातार बारिश के कारण नालों और नदियों का जलस्तर बहुत बढ़ गया, जिससे कॉलोनियाँ डूब गईं। लोग अपने घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। कुछ लोग तो छतों पर शरण लिए हुए हैं।

सरकार ने अब तक कई राहत शिविर शुरू किए हैं, जहाँ बाढ़ पीड़ितों को खाना, पानी और दवाइयाँ दी जा रही हैं। लेकिन कुछ इलाकों से अभी भी यह शिकायतें आ रही हैं कि उन्हें अब तक कोई मदद नहीं मिली।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह पिछले 10 दिनों में गुना जिले का उनका दूसरा दौरा है। बाढ़ से प्रभावित लोगों ने सीएम और केंद्रीय मंत्री के दौरे से उम्मीदें जताई हैं कि अब उनकी समस्याओं पर ध्यान दिया जाएगा और जल्द ही राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *