Suvangi Pradhan: रेलवे यात्रियों के लिए आज से एक बड़ा बदलाव लागू हो गया है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने टिकट बुकिंग प्रक्रिया को और सख्त करते हुए आधार लिंकिंग को अनिवार्य कर दिया है। नए नियमों के तहत जिन यूजर्स का IRCTC अकाउंट आधार से लिंक नहीं है, वे अब सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक आरक्षित टिकट बुक नहीं कर पाएंगे।
नियम केवल बुकिंग खुलने के पहले दिन यानी एडवांस रिजर्वेशन पीरियड के पहले दिन के लिए लागू होगा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस फैसले का मकसद फर्जी आईडी, बॉट्स और दलालों के जरिए होने वाली अवैध टिकट बुकिंग पर रोक लगाना है। लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि आम यात्रियों को तत्काल और सामान्य रिजर्वेशन में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता, जबकि कुछ ही मिनटों में सीटें फुल हो जाती हैं। आधार लिंकिंग से हर यूजर की पहचान सत्यापित होगी और एक व्यक्ति द्वारा कई अकाउंट के जरिए टिकट बुक करने पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
यदि कोई यात्री आधार से लिंक अकाउंट के साथ लॉगिन करता है, तो वह पहले दिन तय समयसीमा में टिकट बुक कर सकेगा
वहीं जिन खातों में आधार लिंक नहीं है, वे 4 बजे के बाद ही रिजर्वेशन की सुविधा का इस्तेमाल कर पाएंगे। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि दूसरे दिनों की बुकिंग पर फिलहाल इस समय सीमा का असर नहीं पड़ेगा। IRCTC ने यात्रियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने अकाउंट को आधार से लिंक कर लें। यह प्रक्रिया IRCTC वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों पर उपलब्ध है और कुछ ही मिनटों में पूरी की जा सकती है।
यात्रियों को आधार नंबर दर्ज कर ओटीपी के जरिए सत्यापन करना होगा
यात्रियों की प्रतिक्रिया मिली-जुली देखने को मिल रही है। कई लोगों ने इसे पारदर्शिता बढ़ाने वाला कदम बताया है, जबकि कुछ यात्रियों का कहना है कि अचानक नियम लागू होने से उन्हें परेशानी हो सकती है। हालांकि रेलवे का कहना है कि यह फैसला लंबे समय में आम यात्रियों के हित में होगा और टिकट बुकिंग को अधिक निष्पक्ष बनाएगा।
new reservation bill 