Ranu Yadav: मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में भारी बारिश के कारण हादसा हो गया है। यहां एक निजी ढाबे की दीवार गिरने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई है जबकि 12 से ज्यादा लोगों के घायल होने का अनुमान है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ढाबे में बैठे श्रद्धालु हादसे की चपेट में आए
सीएचएमओ आरके गुप्ता ने बताया, “आज सुबह भारी बारिश के कारण शर्मा ढाबे की दीवार गिर गई।वहां बैठे कुछ श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए।सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया और उनका इलाज जारी है।हमारे डॉक्टर्स की टीम यहां उपस्थित है और सभी लोगों का इलाज हो रहा है। जितने लोग गंभीर रूप से घायल हैं, उनकी और जांच की जा रही है।जितना भी संभव इलाज है, वह डॉक्टर्स दे रहे हैं अगर किसी को दूसरे अस्पताल में रेफर करने की जरूरत होगी, तो वह भी किया जाएगा।”
इसे पहले भी हुआ है बागेश्वर धाम में हादसा
इससे पहले, 3 जुलाई को भी बागेश्वर धाम में एक दुखद घटना हुई थी। 3 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे आरती के बाद बागेश्वर धाम परिसर में टेंट गिर गया था। बारिश से बचने के लिए टेंट के नीचे खड़े श्रद्धालुओं में से एक बुजुर्ग के सिर में लोहे का एंगल लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना में भगदड़ मचने से 8 लोग घायल भी हुए थे।
इसको लेकर बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि टेंट पुरानी जगह पर लगा था, जहां अब कोई नहीं जाता। केवल बारिश से बचने के लिए वहां कुछ लोग खड़े थे।उनमें से एक व्यक्ति जो लेटा हुआ था, उसपर रॉड गिरने से वह गंभीर घायल हो गया था जिससे उसकी मौत हो गई।
