Muskan Garg: मध्यप्रदेश की स्टार्टअप यात्रा में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। मध्यप्रदेश स्टार्टअप समिट एवं इकोसिस्टम अवॉर्ड्स 2026 में एआईसी-आरएनटीयू फाउंडेशन को प्रदेश के 100 से अधिक इनक्यूबेटर्स के बीच “सर्वश्रेष्ठ इनक्यूबेटर (Best Incubator in Madhya Pradesh)” के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं माननीय एमएसएमई मंत्री श्री चैतन्य कश्यप द्वारा फाउंडेशन के सीईओ श्री रोनाल्ड फर्नांडिस को प्रदान किया गया। दो दिवसीय यह भव्य आयोजन 11–12 जनवरी 2026 को रवीन्द्र भवन, भोपाल में संपन्न हुआ।
पोर्टफोलियो स्टार्टअप्स का शानदार प्रदर्शन:
इस समिट में एआईसी-आरएनटीयू फाउंडेशन से जुड़े स्टार्टअप्स ने भी अपनी नवाचार क्षमता और उद्यमशीलता का लोहा मनवाया। चार स्टार्टअप्स ने विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार जीतकर फाउंडेशन की सशक्त भूमिका को और मजबूती दी:
• श्री प्रतीक वत्स (Wanderlooms) – मोस्ट इनोवेटिव स्टार्टअप श्रेणी में सेकेंड रनर-अप
• श्रीमती राशि मेहरा (ALANNA) – बेस्ट वूमेन एंटरप्रेन्योर की विजेता
• श्री पुलक रिजवानी – बेस्ट अर्ली स्टेज स्टार्टअप के विजेता
• श्री विशेश कासलीवाल (Medyseva) – बेस्ट रूरल स्टार्टअप में सेकेंड रनर-अप
स्टार्टअप समिट 2026: नवाचार और नेटवर्किंग का ऐतिहासिक मंच:
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा आयोजित यह समिट प्रदेश के स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। इसमें 5,000 से अधिक प्रतिभागियों, स्टार्टअप्स, इनक्यूबेटर्स, निवेशक, मेंटर्स और नीति-निर्माताओं ने भाग लिया। समिट के दौरान कीनोट सत्र, स्टार्टअप पिच प्रतियोगिताएं, नेटवर्किंग सेशंस और इकोसिस्टम अवॉर्ड्स आयोजित किए गए। क्लीनटेक, एयरोस्पेस, सॉफ्टवेयर और उन्नत तकनीक जैसे क्षेत्रों में नवाचार को विशेष रूप से प्रोत्साहन दिया गया।
महत्वपूर्ण उपलब्धि: नवाचार से विकास की ओर:
यह सम्मान एआईसी-आरएनटीयू फाउंडेशन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत वह प्रारंभिक चरण के स्टार्टअप्स को इनक्यूबेशन, सशक्त मेंटरशिप और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करता है। फाउंडेशन लगातार मध्यप्रदेश के उद्यमशील इकोसिस्टम को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
नेतृत्व की प्रतिक्रिया:
फाउंडेशन के उपाध्यक्ष श्री संतोष चौबे ने कहा, “मध्यप्रदेश स्टार्टअप समिट में प्राप्त यह सम्मान हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह प्रदेश में एक सशक्त और समावेशी स्टार्टअप वातावरण के निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करता है। ”
आईसेक्ट ग्रुप के कार्यकारी उपाध्यक्ष, डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, ने कहा कि यह एआईसी-आरएनटीयू फाउंडेशन के निरंतर प्रयासों और स्टार्टअप्स को दिए जा रहे समर्पित सहयोग का परिणाम है।
वही सीईओ श्री रोनाल्ड फर्नांडिस ने कहा कि यह उपलब्धि टीम, मेंटर्स, स्टार्टअप्स और सहयोगी संस्थाओं की सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जो भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है।
एआईसी-आरएनटीयू फाउंडेशन: स्टार्टअप्स का मजबूत आधार:
रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल के अंतर्गत संचालित एआईसी-आरएनटीयू फाउंडेशन एक अटल इनक्यूबेशन सेंटर (AIC) के रूप में कार्य करता है। यह फाउंडेशन इनक्यूबेशन, एक्सेलेरेटर प्रोग्राम्स, बूटकैम्प्स और विशेषज्ञ सत्रों के माध्यम से नवोदित उद्यमियों को सतत सहयोग प्रदान करता है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, निदेशक डॉ. नितिन वत्स, कुलपति प्रो. रवि प्रकाश दुबे, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संजीव गुप्ता एवं कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे न केवल फाउंडेशन, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के उभरते स्टार्टअप समुदाय के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
