रिया सिन्हा: पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में किए गए हवाई हमलों में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन अफगान क्रिकेटर भी शामिल हैं। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। ACB के अनुसार, कबीर, सिबगतुल्लाह और हारून नाम के ये खिलाड़ी पक्तिका की राजधानी शाराना में एक दोस्ताना मैच खेलने के बाद अपने गृह जिले उरगुन लौट रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ। इस हमले में सात अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

क्रिकेट बोर्ड ने त्रिकोणीय श्रृंखला से नाम वापस लिया

इस “कायराना हमले” पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नवंबर के अंत में पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ होने वाली आगामी टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला से हटने का फैसला किया है। बोर्ड ने शहीदों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए इस घटना को अफगान खेल जगत के लिए एक ‘गंभीर क्षति’ बताया है। अफगानिस्तान के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राशिद खान और मोहम्मद नबी ने भी इस हमले की निंदा की है।

सीजफायर तोड़ने से दोनों देशों में बढ़ा तनाव

टोलो न्यूज़ के मुताबिक, पाकिस्तान ने कथित तौर पर सीजफायर का उल्लंघन करते हुए उरगुन और बरमल जिलों में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए। तालिबान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पाकिस्तान पर संघर्ष विराम तोड़ने का आरोप लगाया है, जबकि पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों ने दावा किया है कि उन्होंने अफगान तालिबान सैनिकों की एक ब्रिगेड को निशाना बनाया था। इस हमले ने पहले से ही तनावपूर्ण चल रहे दोनों पड़ोसी देशों के संबंधों को और बिगाड़ दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *