Suvangi Pradhan: आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए आज का दिन अहम माना जा रहा है। देश की राष्ट्रीय एयरलाइन पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) की नीलामी आज की जा रही है। सरकार को उम्मीद है कि इस प्रक्रिया से न केवल एयरलाइन को नई जिंदगी मिलेगी, बल्कि सरकारी खजाने पर पड़ रहा भारी बोझ भी कम होगा।
PIA की नीलामी में कुल तीन निजी कंपनियों ने बोली लगाई है
इन कंपनियों में स्थानीय और विदेशी निवेशकों के समूह शामिल हैं, जो एयरलाइन के संचालन और पुनर्गठन में रुचि दिखा रहे हैं। नीलामी की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराए जाने का दावा किया जा रहा है, ताकि अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों और निवेशकों का भरोसा कायम रखा जा सके। नीलामी से ठीक पहले सेना से जुड़ी एक कंपनी द्वारा अपना नाम वापस लिए जाने से पूरी प्रक्रिया पर सवाल भी खड़े हो गए हैं।
शुरुआत में बोली लगाने वालों की सूची में सेना से जुड़ी एक कंपनी का नाम भी शामिल था
इस कंपनी को मजबूत वित्तीय स्थिति और प्रबंधन क्षमता के चलते सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था। लेकिन नीलामी से ठीक पहले कंपनी ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके पीछे आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, जानकारों का मानना है कि राजनीतिक दबाव, आर्थिक जोखिम और PIA पर चढ़े भारी कर्ज इसकी वजह हो सकते हैं।
PIA लंबे समय से घाटे में चल रही है
एयरलाइन पर अरबों रुपये का कर्ज है और लगातार उड़ानें रद्द होने, विमान रखरखाव की कमी और कर्मचारियों की अधिक संख्या जैसी समस्याएं इसके हालात को और बिगाड़ रही हैं। अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर भी PIA की साख को नुकसान पहुंचा है, जिससे राजस्व में भारी गिरावट आई है। पाकिस्तानी सरकार का कहना है कि नीलामी के बाद नए निवेशक एयरलाइन में पूंजी लगाएंगे, इसके साथ ही कर्मचारियों के भविष्य और राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा का भी भरोसा दिलाया गया है। आज होने वाली नीलामी पर देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय की भी नजरें टिकी हैं। यह देखना अहम होगा कि कौन सी कंपनी PIA को खरीदती है और क्या यह सौदा पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था के लिए वाकई राहत साबित हो पाता है या नहीं।
