गीता राय: 1जुलाई से लंबी दूरी की ट्रेन यात्रा महंगी हो गई है। रेलवे बोर्ड के किराया संशोधन प्रस्ताव को सरकार की मंजूरी मिलने के बाद बढ़ा हुआ किराया लागू कर दिया गया है। अब मेल, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में सफर करने वालों को प्रति किलोमीटर अधिक भुगतान करना होगा।
रेल मंत्रालय के अनुसार, एसी चेयर कार, एसी थ्री टियर, थ्री इकॉनमी, एसी फर्स्ट क्लास और एग्जीक्यूटिव क्लास में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की वृद्धि की गई है। वहीं, नॉन-एसी श्रेणियों जैसे स्लीपर और जनरल क्लास में प्रति किलोमीटर 1 पैसे का इजाफा हुआ है।
500 किलोमीटर से ज्यादा दूरी की यात्रा पर बढ़ा हुआ किराया होगा हुआ
बता दें कि 500 किलोमीटर से ज्यादा दूरी की यात्रा पर किराया बढ़ा हुआ लागू होगा। हालांकि, उपनगरीय ट्रेनों और मासिक सीजन टिकट (MST) की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। साधारण द्वितीय श्रेणी का किराया 500 किलोमीटर तक नहीं बढ़ाया गया। इससे अधिक दूरी पर आधा पैसा प्रति किमी वृद्धि होगी। स्लीपर और फर्स्ट क्लास यात्रियों को भी आधा पैसा प्रति किलोमीटर अधिक देना होगा।
नई दरें राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, महामना, गतिमान, अंत्योदय, जन शताब्दी, युवा एक्सप्रेस, एसी विस्टाडोम और अनुभूति कोच सहित सभी प्रीमियर ट्रेनों पर भी लागू होंगी।
1 जुलाई से पहले बुक किए गए टिकटों पर यह वृद्धि लागू नहीं होगी
रेलवे ने साफ किया है कि 1 जुलाई से पहले बुक किए गए टिकटों पर यह वृद्धि लागू नहीं होगी। यात्री उन टिकटों पर पुराने किराये के अनुसार यात्रा कर सकेंगे। साथ ही आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट अधिभार और अन्य सहायक शुल्कों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जीएसटी की दरें भी यथावत रहेंगी।
रेलवे ने सभी जोनों को निर्देश दिए हैं कि नई दरों की जानकारी मीडिया, घोषणाओं और स्टेशनों पर नोटिस के माध्यम से दी जाए ताकि यात्रियों को कोई असुविधा न हो। स्टेशन टिकट काउंटरों और ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम को नए किराये के अनुसार अपडेट कर दिया गया है।
बता दें कि रेलवे ने पिछली बार 2020 में किराया बढ़ाया था। अब महंगाई और परिचालन लागत बढ़ने के कारण यह संशोधन किया गया है यह फैसला करोड़ों यात्रियों पर सीधा असर डालेगा। गरीब से लेकर मध्यम वर्ग तक हर वर्ग का जेब पर बोझ बढ़ेगा।

