रिपोर्ट, काजल जाटव: राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर, मध्य प्रदेश के सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी। भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में इस खास कार्यक्रम में, उन्होंने मेजर ध्यानचंद के वो योगदान याद किए और उन्हें ‘हॉकी का जादूगर’ कहा, जिनकी वजह से भारत का नाम दुनिया भर में रोशन हुआ। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन बहादुरी, अनुशासन और खेल का स्वभाव का बेमिसाल उदाहरण है, जो हमें हमेशा प्रेरित करता रहेगा। इस दौरान, उन्होंने खिलाड़ियों को फिट इंडिया की शपथ भी दिलाई, जिसमें उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी को फिटनेस का ब्रांड एंबेसेडर बनना चाहिए और कम से कम 10 लोगों को खेलों के प्रति जागरूक करने का लक्ष्य रखना चाहिए।
‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ का असर
मंत्री श्री सारंग ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों के विकास पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों ने हर उम्र के लोगों में खेल और फिटनेस के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया है। इन पहलों ने न केवल खेलों को बढ़ावा दिया है, बल्कि स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को भी प्रोत्साहित किया है। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों से खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण की सुविधाएं मिल रही हैं, जिससे वे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। यही कारण है कि आज भारत एशियाई खेल, कॉमनवेल्थ और ओलंपिक जैसी प्रतियोगिताओं में शानदार सफलता हासिल कर रहा है। उन्होंने जोर दिया कि इन सरकारी प्रयासों से खेल का माहौल अब शहरों तक ही सीमित नहीं रहा है, बल्कि हर गाँव-गाँव में अपनी छवि बना रहा है।
मध्य प्रदेश: खेल में एक उभरता हुआ राज्य
मंत्री श्री सारंग ने मध्य प्रदेश की खेल यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले मध्य प्रदेश को खेलों की दुनिया में पिछड़ा माना जाता था। लेकिन अब, सरकार और खिलाड़ियों की मेहनत के कारण यह देश के शीर्ष 3 खेल राज्यों में आ चुका है। उनका अगला लक्ष्य है कि मध्य प्रदेश को देश का नंबर 1 खेल राज्य बनाना।
इसके लिए, राज्य सरकार आधुनिक खेल बुनियादी सुविधाओं, अकादमियों, कुशल कोचों और बाकी जरूरी संसाधनों पर तेज़ी से काम कर रही है। साथ ही, स्कूल और कॉलेज स्तर से ही प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का ठोस प्लान लागू कर दिया गया है। श्री सारंग का मानना है कि खिलाड़ियों की मेहनत और सरकार के संकल्प से मध्य प्रदेश जल्द ही भारत का सबसे अच्छा खेल राज्य बन जाएगा।
हर खिलाड़ी बनें फिटनेस का ब्रांड एंबेसडर
अपनी बात रखते वक्त, मंत्री श्री सारंग ने खिलाड़ियों से एक बहुत जरूरी अपील की है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी सिर्फ मैदान में ही नहीं, बल्कि समाज में भी खेल और हेल्थ के ब्रांड एंबेसडर बनें। उन्होंने सुझाव दिया कि हर खिलाड़ी अगले तीन महीनों में अपने आसपास के कम से कम 10 लोगों को खेल और फिटनेस के लिहाज से मोटिवेट करें, जिसमें परिवार के सदस्य, पड़ोसी, दोस्त या छात्र हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ये छोटे से कदम एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकते हैं। श्री सारंग ने ये भी कहा कि खिलाड़ी देश की सेवा सिर्फ मेडल जीतकर नहीं करते, बल्कि एक हेल्दी और जागरूक समाज बनाकर भी देश की मदद करते हैं। उन्होंने बोला कि जब हर घर से कोई न कोई खेल से जुड़ा होगा, तभी हमारा देश सही अर्थों में ‘फिट इंडिया’ और ‘हिट इंडिया’ बन पाएगा। ये पहल न सिर्फ हमारे स्वास्थ्य को मजबूत करेगी, बल्कि एक समृद्ध और ऊर्जावान राष्ट्र का निर्माण भी करेगी।
रस्साकशी और खेलों में भागीदारी
कार्यक्रम में, ‘एक घंटे खेल मैदान में’ थीम के तहत, श्री सारंग ने खुद भी खिलाड़ियों और कोचेस के साथ रस्साकशी का मुकाबला किया। इस दौरान, मध्य प्रदेश की वाटर स्पोर्ट्स और हॉकी टीम का भी दोस्ताना मैच हुआ, जिसमें वाटर स्पोर्ट्स टीम ने 2-1 से जीत हासिल की।
इसके बाद, मंत्री ने स्टेडियम में 100 मीटर दौड़, फुटबॉल, पोल वॉल्ट जैसे खेलों का अवलोकन किया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत भी की। साथ ही, उन्होंने टीटी नगर स्टेडियम में मौजूद मार्शल आर्ट्स अकादमी का भी दौरा किया, जहां उन्होंने कुश्ती, बॉक्सिंग और फेंसिंग की सुविधाओं का जायजा लिया।
राष्ट्रीय खेल दिवस की तीन दिन की जश्न
राष्ट्रीय खेल दिवस को मनाने के लिए, मध्य प्रदेश में तीन दिवसीय कार्यक्रम हो रहे हैं। दूसरे दिन, 30 अगस्त को, नर्मदा क्लब, भोपाल में एक खास सेमिनार होगा, जिसमें खेल से जुड़ी अहम बातें जैसे स्पोर्ट्स इंजरी, साइकोलॉजी और डोपिंग से जुड़े खतरे पर एक्सपर्ट्स अपनी राय देंगे।
वहीं, उसी दिन दोपहर 3 बजे विचारपुर और सरदारपुर की महिला फुटबॉल टीमें मुकाबला करेंगी। अंतिम दिन, 31 अगस्त को, ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली निकाली जाएगी, जो राजा भोज सेतु से शुरू होकर वाटर स्पोर्ट्स अकादमी तक जाएगी। ये आयोजन खेल और फिटनेस को प्रमोट करने सरकार के प्रयासों को दिखाने का मौका है।
