रिपोर्ट रोहित रजक, भोपाल। प्रदेश में मानसून इस बार अपनी रफ्तार में नजर आ रहा है, लेकिन राजधानी भोपाल में अब तक बारिश की कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मध्यप्रदेश में 1 जून से 3 जुलाई तक कुल 230.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत 156.1 मिमी से करीब 48 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, दूसरी ओर राजधानी भोपाल में इस वर्ष पिछले साल के मुकाबले काफी कम बारिश हुई है।

पूर्वी और पश्चिमी मप्र में अच्छी वर्षा

प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सबसे ज्यादा 231 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 33 प्रतिशत ज्यादा है। वहीं पश्चिमी मध्यप्रदेश में भी अब तक 230 मिमी वर्षा हुई है, जबकि वहां की सामान्य औसत बारिश 140 मिमी मानी जाती है। यानी यह आंकड़ा सामान्य से 65 प्रतिशत अधिक है।

इस मानसूनी सीजन में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में अच्छी वर्षा देखी जा रही है, जिससे खेती-किसानी की उम्मीदें जगी हैं। किसान वर्ग फिलहाल संतुष्ट नजर आ रहा है, लेकिन राजधानी भोपाल में कम बारिश चिंता का विषय बन रही है।

भोपाल में पिछली बार से काफी कम बारिश

राजधानी भोपाल में जुलाई के शुरुआती तीन दिनों में 245 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जबकि साल 2024 की इसी अवधि में यहां 819 मिमी बारिश हुई थी। यानी इस बार राजधानी में अब तक लगभग 70 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इसके पहले जून माह में भी बारिश सामान्य से कम रही। इस साल जून में भोपाल में 155 मिमी बारिश हुई, जबकि पिछले साल जून में यह आंकड़ा 276 मिमी रहा था।

औसतन जुलाई में होती है 367 मिमी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में जुलाई माह के दौरान औसतन 15 दिनों तक बारिश होती है, यानी हर दूसरे दिन पानी बरसता है।इस महीने की सामान्य वर्षा 367.7 मिमी मानी जाती है। यदि आने वाले दिनों में बारिश नहीं बढ़ी, तो यह आंकड़ा भी पूरा होना मुश्किल दिख रहा है।

यलो अलर्ट में है भोपाल

मौसम विभाग ने राजधानी भोपाल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तक हो सकती है। मानसूनी ट्रफ और चक्रवातीय परिसंचरण के सक्रिय रहने के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहेंगे।

तापमान में गिरावट

बारिश के कारण दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। वर्तमान में भोपाल का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान में और गिरावट संभव है।

किसानों को राहत, शहरवासियों को चिंता

प्रदेशभर में बारिश की स्थिति किसानों के लिए राहत लेकर आई है। अच्छी वर्षा से खरीफ फसलों की बुआई को गति मिली है। लेकिन भोपाल में अब तक हुई कम बारिश से पेयजल स्त्रोतों पर दबाव बढ़ सकता है। नगर निगम और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

यदि आने वाले दिनों में भोपाल में अच्छी बारिश नहीं हुई, तो पानी की किल्लत जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। वहीं, शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी उभर रही है, जिससे नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जहां एक ओर मध्यप्रदेश के अन्य हिस्सों में बारिश सामान्य से अधिक हो रही है, वहीं राजधानी भोपाल इस बार पीछे नजर आ रही है। आने वाले सप्ताह बारिश की दिशा तय करेंगे कि भोपाल में मानसून कितना मेहरबान रहेगा। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार फिलहाल कुछ उम्मीदें जरूर बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *