रानू यादव
गुरुग्राम, के प्रसिद्ध यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर रविवार की सुबह बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की, जिससे सनसनी फैल गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाइक सवार हमलावर फायरिंग करते हुए दिख रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
एल्विश यादव के घर पर यह हमला सुबह 5 से 6 बजे के बीच हुआ। जिस समय यह घटना हुई, एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे। उनके केयरटेकर और परिवार के कुछ सदस्य घर पर थे। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दो बाइक सवार बदमाश एल्विश के घर के सामने आते हैं और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगते हैं। कुछ ही सेकंड में वे वहां से फरार हो जाते हैं। पुलिस के अनुसार, करीब 12 राउंड फायरिंग की गई, जबकि एल्विश के पिता राम अवतार यादव का कहना है कि 25 से 30 राउंड फायरिंग हुई थी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीन बदमाश दिखाई दे रहे हैं।
हिमांशु भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी!
इस घटना की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ गैंग ने ली है। गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इसका दावा किया है। पोस्ट में लिखा है कि नीरज फरीदपुर और भाऊ रैतोलिया ने यह फायरिंग की है। इसमें सट्टे के प्रमोशन को लेकर एल्विश यादव को चेतावनी दी गई है। पोस्ट में कहा गया है कि सट्टे का प्रमोशन करने वाले सभी सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी चेतावनी दी जाती है कि उनके पास भी “कॉल या गोली” आ सकती है।
पुलिस की कार्रवाई!
पुलिस ने घटना स्थल से कई सबूत जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि एल्विश यादव या उनके परिवार की ओर से अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिमांशु भाऊ कौन है?
हिमांशु भाऊ उर्फ छोटा डॉन,हरियाणा का एक गैंगस्टर है जो वर्तमान में पुर्तगाल में है।वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का जानी दुश्मन माना जाता है।
उसके गिरोह पर फिरौती, धमकी, वसूली और हत्या जैसे कई मामले दर्ज हैं। नीरज फरीदपुरिया और भाऊ रिटोलिया उसके गैंग के मुख्य सदस्य हैं और विदेश से ही अपने नेटवर्क को चलाते हैं। हिमांशु भाऊ पहले भी कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं एल्विश यादव!
एल्विश यादव अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। बीते साल उन पर सांप के जहर की अवैध सप्लाई और रेव पार्टियों में इसके इस्तेमाल से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया था। इस केस में उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था, जिससे सोशल मीडिया पर काफी हलचल मच गई थी। आरोप था कि एल्विश कुछ निजी पार्टियों में प्रतिबंधित जहरीले पदार्थों का इंतजाम करते थे, जिनमें सांप का जहर शामिल था। हालांकि, एल्विश ने इन सभी आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया था। यह मामला अभी भी कोर्ट में है और जांच एजेंसियां इस मामले में सभी पहलुओं पर काम कर रही हैं।
