पंजाब के फिरोजपुर में एक लोकल क्रिकेट मैच उस वक्त गम में बदल गया, जब 34 साल के हरजीत सिंह ने छक्का मारने के तुरंत बाद मैदान पर गिरकर दम तोड़ दिया। यह घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसने भी यह वीडियो देखा, उसकी आंखें नम हो गईं। क्रिकेट खेलने का जुनून और जीत का जश्न, कुछ ही पलों में एक दर्दनाक हादसे में बदल गया।
यह दुखद घटना DAV स्कूल ग्राउंड, फिरोजपुर में हुई। हरजीत एक लोकल टूर्नामेंट में खेल रहे थे। वे शानदार बल्लेबाज़ी कर रहे थे और 49 रन पर थे। उन्होंने एक जोरदार छक्का लगाया और खुशी-खुशी अपने साथी खिलाड़ी के पास जाने लगे। लेकिन तभी अचानक उनके घुटने झुक गए और वे पिच पर गिर पड़े।
उनके साथी खिलाड़ी रचित सोढ़ी ने बताया कि हरजीत दूसरे बल्लेबाज से हाथ मिलाने जा रहे थे, लेकिन अचानक लड़खड़ा कर मुंह के बल गिर पड़े। यह सबके लिए बेहद डरावना पल था। मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों ने तुरंत CPR देना शुरू किया और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जांच में सामने आया कि यह दिल का दौरा यानी कार्डियक अरेस्ट था।
देखें वीडियो:
पेशे से कारपेंटर थे हरजीत
जानकारी के मुताबिक, हरजीत पेशे से एक बढ़ई (कारपेंटर) थे, लेकिन क्रिकेट उनका जुनून था। वे हर हफ्ते अपने दोस्तों के साथ मैच खेलते थे। वे शादीशुदा थे और उनके एक छोटा बेटा भी है। उनका जाना सिर्फ परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे इलाके के लिए एक बड़ा नुकसान है।
2024 में भी देखने को मिला था इसी तरह का हादसा
जून 2024 में मुंबई में भी एक ऐसा ही दर्दनाक हादसा हुआ था। 42 साल के राम गणेश तेवर नाम के व्यक्ति की क्रिकेट खेलते वक्त मौत हो गई थी। यह मैच एक कंपनी द्वारा काशीमिरा इलाके के फार्महाउस में आयोजित किया गया था। तेवर ने जैसे ही छक्का मारा, वे अचानक गिर पड़े और बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

