रिया सिन्हा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हाल ही में कोलंबिया में दिए गए एक बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी विदेशी धरती पर भारत का अपमान कर रहे हैं और सत्ता हासिल करने की हताशा में ऐसे निराधार बयान दे रहे हैं।
कोलंबिया की ईआईए यूनिवर्सिटी में अपने संबोधन के दौरान, राहुल गांधी ने भारत में लोकतंत्र पर हो रहे हमलों और अलग-अलग विचारों को जगह न मिलने पर चिंता जताई थी। इसके अलावा, उन्होंने मोदी सरकार की नोटबंदी को एक “बड़ी नीतिगत विफलता” बताया और कहा कि यह अनौपचारिक अर्थव्यवस्था को औपचारिक बनाने का एक समस्याग्रस्त तरीका था। उन्होंने यहाँ तक कहा कि आरएसएस और भाजपा की विचारधारा के मूल में ‘कायरता’ है।
‘चीन प्रेम‘ और भारत के अपमान का आरोप
राहुल गांधी के इस बयान पर पलटवार करते हुए, भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश और विदेश में भारत के खिलाफ ‘निराधार बातें’ करते हैं, जबकि उन्हें देश में सबसे अधिक बोलने की आजादी है।
प्रसाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत की छवि खराब करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। उन्होंने कहा, “अगर आप विदेश में भारत का अपमान करेंगे, तो समझ लीजिए कि आपको देश में जो सीटें मिली हैं, वह भी नहीं मिलेंगी।” भाजपा नेता ने राहुल गांधी पर चीन की तारीफ करने और यह कहने का आरोप लगाया कि भारत वैश्विक शक्ति नहीं बन सकता। उन्होंने इसे भारत की प्रगति का अपमान बताया और कहा कि राहुल गांधी केवल सत्ता पाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। अन्य भाजपा नेताओं ने भी इसे ‘देश को बदनाम करने की आदत’ करार दिया है।
