रिया सिन्हा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर बने पार्टी के नए, भव्य और अत्याधुनिक मुख्यालय का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और दिल्ली इकाई के वरिष्ठ नेता व हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इसे कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि लगभग 35 वर्षों से पार्टी 14, पंडित पंत मार्ग स्थित किराए के या अस्थायी कार्यालयों से संचालित हो रही थी। अब यह नया कार्यालय दिल्ली के कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत का प्रतीक है।

नए मुख्यालय की मुख्य विशेषताएं

दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर 825 वर्ग मीटर के भूखंड पर बना यह पांच मंजिला कार्यालय पर्यावरण-अनुकूल है और दक्षिण भारतीय वास्तुकला से प्रेरित है। इसमें दो बेसमेंट हैं, जिनमें लगभग 50 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी। भूतल पर स्वागत कक्ष, सम्मेलन कक्ष और कैंटीन की व्यवस्था है। पहली मंजिल पर 300 लोगों की क्षमता वाला एक सभागार (ऑडिटोरियम) बनाया गया है।

शीर्ष मंजिल पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष, संगठन महासचिव और सांसदों के कमरे होंगे। सचदेवा ने याद दिलाया कि इस भवन की आधारशिला 9 जून 2023 को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रखी थी। यह नया कार्यालय दिल्ली में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को एक नई मजबूती देगा और इसे ‘संस्कार केंद्र’ के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *