Prime Minister Narendra Modi to visit Statue Of Unity to give tribute to Sardar Vallabh Bhai Patel

रिया सिन्हा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 31 अक्टूबर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। इस वर्ष की जयंती विशेष है क्योंकि यह सरदार पटेल की 150वीं जयंती है, जिसके उपलक्ष्य में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर भव्य आयोजन किया गया।


भव्य एकता परेडका आयोजन

प्रधानमंत्री ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके उपरांत, उन्होंने एकता नगर में आयोजित होने वाली ‘एकता परेड’ की सलामी ली। यह परेड देश की एकता, अखंडता और सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करती है। परेड में विभिन्न राज्यों की उपलब्धियों को दर्शाती थीम-आधारित झांकियां, महिला नेतृत्व में मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल हैं। कार्यक्रम के अंत में भारतीय वायुसेना का शानदार एयर शो भी हुआ, जो आकाश में देश की शक्ति का प्रतीक बना।


राष्ट्र को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवडिया से राष्ट्र को संबोधित भी करेंगे। वह सरदार पटेल के अखंड और सशक्त भारत के दृष्टिकोण को बनाए रखने के सामूहिक संकल्प को दोहराएंगे। अपने संबोधन से पहले, प्रधानमंत्री ने करीब 1,220 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया, जिनमें भारत की पहली वामन वृक्ष वाटिका (बोनसाई उद्यान) का उद्घाटन भी शामिल है। उन्होंने सरदार पटेल की जयंती की पूर्व संध्या पर एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया।


देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवसका उत्साह

2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से, सरदार पटेल की जयंती को पूरे देश में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर देशभर में ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और दृढ़ता से 550 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत का निर्माण किया था, और उनकी यह प्रतिमा देश को एकता और भाईचारे का संदेश देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *