Muskan Garg: दक्षिण भारत की वादियों में बहती शांत चालकुडी नदी अचानक गरजकर गिरती है, सफेद धुएँ सा झाग उछालती है, और सामने दिखाई देता है प्रकृति का वो चमत्कार, जिसे प्रेम से “भारत का नायग्रा” कहा जाता है, अथिराप्पिल्ली जलप्रपात। केरल के त्रिशूर जिले में स्थित यह झरना न सिर्फ पर्यटकों के लिए आकर्षण है, बल्कि फिल्मों, वन्यजीवन और रोमांच प्रेमियों की भी पसंदीदा जगह है।
भव्यता: 80 फीट से गिरती जलधारा:
अथिराप्पिल्ली जलप्रपात लगभग 80 फीट की ऊंचाई से गिरते पानी का विशाल नजारा पेश करता है। बरसात के मौसम में यह जलधारा इतनी प्रचंड होती है कि दूर खड़े होकर भी धुंध जैसे पानी की बूंदें चेहरे पर महसूस होती हैं। इसका चौड़ा फैलाव और गूंजती ध्वनि इसे बिलकुल “नायग्रा फॉल्स” जैसा अनुभव देती है, इसलिए इसे “Niagara of India” कहा जाता है।
हरियाली की गोद में वसा सुंदर झरना:
झरने के चारों ओर घने पश्चिमी घाट के जंगल, नारियल और सुपारी के पेड़, दुर्लभ पक्षियों की चहचहाहट इसे और भी खूबसूरत बनाती है। यहाँ आपको भारतीय हॉर्नबिल, मलकंपू और रंग-बिरंगी तितलियाँ देखने को भी मिलती है। पास ही वाझाचाल जलप्रपात भी स्थित है, जो इस क्षेत्र की सुंदरता में और रंग भरता है।
फिल्मों की पसंदीदा लोकेशन:
अथिराप्पिल्ली की सुंदरता को बॉलीवुड और साउथ सिनेमा ने खूब सराहा है। यहाँ पर “बाहुबली, गुरु, दिल से, रावण, पोनियिन सेल्वन” जैसी कई फिल्मों की शूटिंग हुई है। बारिश में गिरते झरने के बीच रोमांटिक गाने और एक्शन दृश्य इस जगह को परदे पर और भी जादुई बना देते हैं।
कैसे पहुंचे और कब जाएं?
कोच्चि से लगभग 70 किलोमीटर दूर यह जलप्रपात है और यहां सड़क मार्ग से आसानी से पहुँचा जा सकता है। घूमने का सबसे अच्छा समय जून से सितंबर का माना जाता है, जब मॉनसून में झरना अपने पूरे वैभव पर होता है।
अगर आप प्रकृति के असली सौंदर्य को करीब से महसूस करना चाहते हैं, तो अथिराप्पिल्ली जलप्रपात आपके सफर की सूची में अवश्य होना चाहिए। इसकी प्रबल जलधारा, जंगलों की हरियाली और फिजाओं में बसी ठंडी नमी सब मिलकर इसे सच में “भारत का नायग्रा” बना देते हैं।
