Toshi Gupta: देशभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे है। जिसमें आज आईसेक्ट की मोबाइल बस ‘कौशल रथ’ को कर्त्तव्य पथ से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह पहल देश के युवाओं को एआई के प्रति जागरूक, कुशल और जिम्मेदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने आज ‘कौशल रथ’ का शुभारंभ किया। इस विशेष अभियान के अंतर्गत इंटरैक्टिव डेमो, परिचर्चाओं और जागरूकता सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को एआई की उपयोगिता, संभावनाओं और जिम्मेदार उपयोग के बारे में जानकारी दी जाएगी। इस अहम् कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कविता भाटिया, समूह समन्वयक, मिनिस्ट्री ऑफ़ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी एवं सीओओ, इंडिया एआई मिशन, नीरज कुमार सिंह, कार्तिक सूरी,करनप्रीत सिंह,महीप निगम,अभिनव कुमार तथा प्रिन्सी सिंह राय शामिल होंगे।
इसके अलावा, 11 से 15 फरवरी 2026 के बीच कौशल रथ दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख संस्थानों और सामुदायिक केंद्रों जैसे, नेहरू प्लेस, इंडिया गेट, यूनिवर्सिटी ऑफ़ दिल्ली, ट्रिनिटी कॉलेज, कौशल भवन, नैसकॉम फाउंडेशन, आईआईआईएमटी परी चौक और क़ुतुब मीनार का भ्रमण करेगा। जिसके बाद भारत मंडपम पहुंचकर यह अभियान समाप्त होगा।
आपको बता दें, अभियान 16–20 फरवरी 2026 के बीच आयोजित होने वाले इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 से पहले देशव्यापी पहुंच कार्यक्रम को गति देगा।
इस अवसर पर श्री जितिन प्रसाद ने कहा कि, “कौशल रथ देश के दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंचकर वंचित समुदायों को भी एआई साक्षरता से जोड़ने का कार्य करेगा। यह मिशन युवाओं को भविष्य की अर्थव्यवस्था में सफल होने के लिए आवश्यक तकनीकी समझ और कौशल प्रदान करेगा। साथ ही उन्होंने कहा, कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है| जिसके माध्यम से एआई जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है | भारत को वैश्विक स्तर पर तकनीकी प्रतिभा एवं एआई पेशेवरों का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।”
आईसेक्ट के एग्जीक्यूटिव वाईस प्रेसीडेंट डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि, “युवा एआई फॉर ऑल जैसे अभियान केवल तकनीकी जागरूकता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं को भविष्य की डिजिटल दुनिया के लिए तैयार करने का सशक्त माध्यम हैं। हमारा उद्देश्य है कि, देश का हर युवा एआई को समझे, उसे जिम्मेदारी और नैतिकता के साथ अपनाए, और नवाचार के जरिए राष्ट्र निर्माण में योगदान दे।”
स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलगुरु डॉ. विजय सिंह कुलपति ने कहा कि, ” ‘कौशल रथ – युवा एआई फॉर ऑल’ पहल केवल जागरूकता नहीं बल्कि जिम्मेदारी का भी संदेश देती है। यह युवाओं को एआई के अवसरों और चुनौतियों दोनों को समझते हुए उसके नैतिक एवं विवेकपूर्ण उपयोग के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेगी।”
