रिपोर्ट, काजल जाटव: कॉमेडियन कपिल शर्मा के नए Kap’s Café पर कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में 9 जुलाई की रात एक बहुत ही खौफनाक फायरिंग की घटना हो गई। इस घटना ने न केवल दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई, बल्कि ये भी दिखा दिया कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों को अब भी कुछ कट्टरपंथी ताकतों का खतरा है।
यह हादसा रात को हुआ, जब कैफे बंद था। एक अज्ञात शख्स कैफे में आया और बिना रुकावट के लगभग नौ गोलियां चला दीं, जो कैफे की दीवारें और खिड़कियां तोड़ गईं। हमला इतना तेज था कि आसपास वाले समझ ही न सके कि हो रहा है, और हमलावर तुरंत ही वहां से भाग गया। खुशकिस्मती से उस वक्त अंदर कोई मौजूद नहीं था, ताकि किसी को चोट पहुंचे।
जिम्मेदार कौन?
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक इस हमले की जिम्मेदारी हरजीत सिंह लड्डी नाम के खालिस्तानी आतंकवादी ने ली है। ये शख्स भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की मोस्ट वांटेड लिस्ट में है लड्डी पर कई गंभीर आरोप लगे हैं, जैसे 2024 में पंजाब में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के एक नेता की हत्या, फंडिंग और टारगेट किलिंग।
कहा जा रहा है कि लड्डी और उसका नेटवर्क पाकिस्तान का समर्थन लेकर कनाडा में खालिस्तानी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं. भारतीय एजेंसियों ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया है।
कारण क्या?
आरोपी ने अपना ही वीडियो शूट किया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। इस क्लिप में वो बिना गुस्सा दिखाए, शांत स्वभाव से गाड़ी में बैठकर फायरिंग कर रहा है। इससे साफ है कि ये हमला महज डर फैलाने के लिए नहीं था, बल्कि एक सोच-समझकर की गई आतंकी साजिश का हिस्सा था।
ऐसा माना जा रहा है कि ये हमला शायद कपिल शर्मा ने कथित तौर पर निहंग समुदाय या खालिस्तानी एजेंडे पर की गई किसी टिप्पणी के कारण हुआ हो सकता है। हालांकि, कपिल शर्मा की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्र बताते हैं कि पहले भी खालिस्तानी ग्रुप्स ने उनके खिलाफ नाराजगी जताई थी।
जांच और सुरक्षा?
घटना के बाद कनाडाई पुलिस ने इलाक़े को पूरी तरह से बंद कर दिया है और इस मामले की गहरी जांच शुरू कर दी है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, CCTV फुटेज और गाड़ी की नंबर प्लेट का इस्तेमाल करके हमलावर की पहचान की कोशिशें जारी हैं। भारतीय दूतावास भी इस पूरे मुद्दे पर नजर रखे हुए है और कनाडा सरकार के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है।
अब तक कपिल शर्मा ने इस हमले को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई बात नहीं कही है। वह इन दिनों Netflix पर अपने शो, The Kapil Sharma Show Season 3, के साथ दुनिया भर के दर्शकों के बीच व्यस्त हैं। लेकिन इस घटना ने उनके फैंस को बहुत परेशान कर दिया है, खासकर भारतीय समुदाय को जो कनाडा में पहले से ही कुछ खतरनाक लोगों का निशाना बने हुए हैं।
यह हमला, कपिल शर्मा के कैफे पर हुआ, सिर्फ किसी मशहूर शख्स पर विरोध जताना नहीं है, बल्कि यह विदेश में बसते भारतीयों और उनके बिजनेस पर डर का माहौल बनाने की कोशिश है। इस घटना से साफ पता चलता है कि खालिस्तानी आतंक अब सिर्फ भारत की सीमाओं तक नहीं रुक रहा, बल्कि उसने पूरी दुनिया में अपना नेटवर्क फैला लिया है। अब देखना ये है कि कनाडाई सरकार इन खतरनाक तत्वों के खिलाफ कोई मजबूत कदम उठाती है या फिर यह मामला भी राजनीति और कूटनीति में उलझ जाएगा।
