रिया सिन्हा
बॉलीवुड की फैशन आइकॉन और जानी-मानी एक्ट्रेस सोनम कपूर लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। अगस्त 2022 में मां बनने के बाद से सोनम ने अपने बेटे वायु के पालन-पोषण पर ध्यान देने के लिए फिल्मों से ब्रेक ले लिया था। अब करीब सात साल बाद, उनकी बड़े पर्दे पर वापसी की खबरें सामने आई हैं, जिससे उनके फैंस बेहद उत्साहित हैं। सोनम ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि वह जल्द ही कैमरे के सामने होंगी।
किस तरह के प्रोजेक्ट्स पर कर रही हैं काम?
सोनम कपूर ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि वह अब दोबारा एक्टिंग शुरू करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा, “मैं उन प्रोजेक्ट्स की तलाश में हूं, जिनकी कहानी में महिला का किरदार मजबूत हो और जो एक आयामी (unidimensional) न हो।” सोनम ने यह भी बताया कि मां बनने के अनुभव ने उन्हें और भी मजबूत और सहज बना दिया है। वह अब ऐसे किरदार चुनना चाहती हैं जो महिलाओं की कहानी को गहराई से दर्शाते हों। उनकी आखिरी प्रमुख थिएट्रिकल रिलीज 2019 में ‘द जोया फैक्टर’ थी। हालांकि, उन्होंने 2023 में एक ओटीटी फिल्म ‘ब्लाइंड’ में भी काम किया था।
आगामी प्रोजेक्ट्स और फैंस की उम्मीदें
सोनम के फैंस इस खबर से काफी खुश हैं और उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। खबर है कि वह अपने एक आगामी प्रोजेक्ट की शूटिंग 2025 के अंत तक शुरू कर सकती हैं। ‘बैटल फॉर बिट्टोरा’ नामक फिल्म भी उनके आगामी प्रोजेक्ट्स में से एक हो सकती है, जो अनुजा चौहान के उपन्यास पर आधारित है। सोनम अपने स्टाइल और दमदार किरदारों के लिए जानी जाती हैं और उम्मीद है कि इस कमबैक के साथ वह फिर से अपनी अदाकारी का जादू चलाएंगी।
