रिया सिन्हा: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के एक हालिया बयान ने पाकिस्तान को नागवार गुजरा है, जिसके बाद पाकिस्तान सरकार ने उन पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब सलमान खान सऊदी अरब में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहां उन्होंने मध्य पूर्व में काम कर रहे दक्षिण एशियाई समुदाय के बारे में बात करते हुए एक टिप्पणी की, जिसने पाकिस्तान की भौंहें चढ़ा दीं।
बलूचिस्तान को ‘अलग‘ बताने पर पाकिस्तान खफा
सऊदी अरब के एक मंच पर सलमान खान ने कहा कि मध्य पूर्व में ‘बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं’ जो कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इस बयान में सलमान खान ने बलूचिस्तान का नाम पाकिस्तान से अलग करके लिया, जो इस्लामाबाद को बिल्कुल भी पसंद नहीं आया। पाकिस्तान, बलूचिस्तान को अपना अभिन्न अंग मानता है, जबकि वहां लंबे समय से अलगाववादी आंदोलन चल रहा है। पाकिस्तान की सरकार ने सलमान के इस बयान को ‘राष्ट्रीय अखंडता के खिलाफ’ और ‘भारत द्वारा समर्थित प्रचार’ करार दिया है।
भाईजान को ‘आतंकी‘ घोषित करने की अटकलें
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सलमान खान के इस बयान से तिलमिलाए पाकिस्तान ने एक बेहद सख्त कदम उठाते हुए उन्हें ‘आतंकवादी’ घोषित करने का फैसला किया है। हालांकि, आधिकारिक नोटिफिकेशन की पुष्टि की जा रही है, लेकिन पाकिस्तान के गृह मंत्रालय द्वारा इस संबंध में आदेश जारी करने की खबरें हैं। सलमान के इस बयान को पाकिस्तान अपनी संप्रभुता पर हमला मान रहा है, जिसके चलते उन्हें आतंकी सूची में डालने जैसे कठोर कदम उठाने की बात सामने आ रही है। वहीं, बलूच नेताओं और अलगाववादी समूहों ने सलमान खान के इस बयान पर आभार व्यक्त किया है।

