रिया सिन्हा: फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज निर्देशक एस.एस. राजामौली की अगली पैन-इंडिया फिल्म ‘SSMB29’ को लेकर जल्द ही एक बड़ा ऐलान होने वाला है। इस फिल्म में साउथ सुपरस्टार महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं, और दर्शक बेसब्री से इसके टाइटल और फर्स्ट लुक का इंतजार कर रहे हैं। राजामौली ने महेश बाबू के जन्मदिन पर घोषणा की थी कि नवंबर 2025 में फिल्म का पहला खुलासा किया जाएगा, जिसके बाद से फैंस की उत्सुकता चरम पर है।
सोशल मीडिया पर सितारों की मजेदार नोकझोंक
हाल ही में, महेश बाबू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राजामौली को टैग करते हुए लिखा, “नवंबर आ गया है, राजामौली।” इसके बाद दोनों के बीच एक मजेदार नोकझोंक शुरू हो गई, जिसने फैंस का खूब मनोरंजन किया। इस बातचीत में ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा जोनस और मलयालम अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन भी शामिल हुए। इस दौरान महेश बाबू ने गलती से प्रियंका और पृथ्वीराज के फिल्म में होने की खबर लीक कर दी, जिस पर राजामौली ने मजाकिया अंदाज़ में नाराजगी भी व्यक्त की।
प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज का नाम हुआ कंफर्म
इस वायरल सोशल मीडिया चैट ने अनौपचारिक रूप से यह पुष्टि कर दी है कि प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन इस एडवेंचर फिल्म का हिस्सा हैं, हालांकि निर्माताओं ने अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का आधिकारिक टाइटल और फर्स्ट वीडियो ग्लिंप्स 16 नवंबर 2025 को एक भव्य लाइव-स्ट्रीम इवेंट में जारी किया जा सकता है। यह एक्शन-एडवेंचर फिल्म ‘इंडियाना जोन्स’ के समान एक जंगल एडवेंचर बताई जा रही है, जिसका बजट लगभग 1000 करोड़ रुपए हो सकता है।

