रिया सिन्हा
‘पुष्पा’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म के निर्देशक सुकुमार के लिए यह एक बहुत ही खास पल है। उनकी बेटी सुकृति वेणी बंदरेड्डी ने अपनी पहली ही फिल्म ‘गांधी ताथा चेट्टु’ के लिए ‘बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट’ का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। यह खबर सुनकर सुकुमार और उनका पूरा परिवार खुशी से झूम उठा है। सुकुमार ने एक भावुक नोट साझा करते हुए अपनी बेटी के प्रति गर्व व्यक्त किया।
पिता का भावुक संदेश
सुकुमार ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, “मेरी प्यारी बेटी… जब मैंने सुना कि तुम्हें बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट का नेशनल अवार्ड मिला है, तो मैं निशब्द हो गया। मैंने अपने करियर में कई अवार्ड्स जीते हैं, लेकिन यह मेरे दिल के एक बहुत ही खास कोने को छू गया। ‘गांधी ताथा चेट्टु’ में तुम्हें देखकर मैं सच में भूल गया था कि मैं अपनी ही बेटी को देख रहा हूँ। तुम बस वह छोटी बच्ची बन गई थी।” उन्होंने आगे कहा कि एक पिता के तौर पर यह मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान है।
राष्ट्रपति ने भी की तारीफ
71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी फिल्म ‘गांधी ताथा चेट्टु’ और सुकृति के अभिनय की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म समाज को एक अच्छा संदेश देती है और सुकृति का अभिनय सराहनीय है। इस जीत के बाद से सोशल मीडिया पर भी सुकृति को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है, जिसमें कई बड़े सितारे भी शामिल हैं।
